नागरिक अस्पताल की नेत्र ओपीडी में पानी को इकठ्ठा करने के लिए रखी गई बाल्टी।
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में स्थित नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में छत से पानी टपक रहा है। इसके चलते चिकित्सकों को काफी परेशानी हो रही है। पिछले 10 दिन से नेत्र ओपीडी की छत से पानी टपक रहा है। इसी ओपीडी में करीब पांच दिन पहले फॉल्स सीलिंग टूटकर नीचे गिर गई थी।
चिकित्सक कक्ष में कई जगह से छत टपकने से परेशान होकर कर्मचारियों ने पानी को थामने के लिए दो जगह बाल्टी रखी है। यहां से मरीज भी अपना चेकअप कराने पहुंच रहे हैं, जिन्हें लगातार टपक रही छत से भय लग रहा है।
भिवानी जिला नागरिक अस्पताल का भवन करीब छह दशक से अधिक पुराना हो चुका है। जर्जरहाल भवन की वजह से यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। अब तो हालात यह बने हैं कि अस्पताल परिसर के कुछ हिस्से जहां ज्यादा ही हालत खराब है, उन्हें खाली करा दिया है।
नागरिक अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी की छत पर लगी फॉल्स सीलिंग करीब पांच दिन पहले टूटकर गिर गई थी। ये हादसा ओपीडी बंद होने के दौरान हुआ था, जिसकी वजह से हादसा टल गया। अब लगातार पांच दिनों से छत से पानी टपक रहा है।
इसकी वजह से ओपीडी में कर्मचारियों को उस पानी को एकत्रित करने के लिए भी दो जगह बाल्टी रख दी हैं। जब ये बाल्टी छत से टपक रहे पानी से भर जाती हैं तो उन्हें बाहर खाली कर फिर से यहां रख दिया जाता है। ऐसे में यहां आने वाले मरीज भी छत की हालत देखकर सहम जाते हैं। यहां तैनात चिकित्सकों को भी अनहोनी का अंदेशा बना रहता है।
जिला नागरिक अस्पताल के भवन को मेडिकल कॉलेज के अधीन कर दिया है। अब मेडिकल कॉलेज के तहत ही इस पुराने भवन की मरम्मत के लिए बजट भी मंजूर हो चुका है। जिस पर जल्द ही इसकी हालत सुधार की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
- डॉ. बलवान सिंह प्रधान चिकित्सा अधिकारी जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।