भिवानी। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर भिवानी के एक व्यापारी से तीन करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगों ने करीब माह पहले व्हाट्सएप कॉल कर व्यापारी से बातचीत शुरू की और विश्वास जीतने के बाद निवेश के नाम पर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
साइबर क्राइम पुलिस थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार व्यापारी को एक दिन व्हाट्सएप कॉल प्राप्त हुई। पहले सामान्य बातचीत होती रही लेकिन कुछ दिन बाद कॉल करने वाले ने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। पहले तो व्यापारी ने मना किया लेकिन बाद में उसे दस फीसदी मुनाफा लौटाने का लालच दिया गया। व्यापारी ने शुरुआत में एक लाख रुपये निवेश किए जिसके बाद उसे वेबसाइट पर बढ़ी हुई रकम दिखाकर भरोसा दिलाया गया।
शुरुआती लेन-देन में उसे थोड़े बहुत मुनाफे की रकम भी दी गई जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद उसे और अधिक राशि निवेश करने के लिए उकसाया गया। इसी तरह धीरे-धीरे उसने करीब तीन करोड़ रुपये निवेश कर दिए जिनमें से अधिकांश रकम उसने परिचितों और रिश्तेदारों से उधार लेकर लगाई थी।
व्यापारी के रिश्तेदारों को जब उसके लगातार पैसे मांगने पर शक हुआ तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ। तब तक ठग उससे जुड़ी वेबसाइट बंद कर चुके थे और सभी संपर्क साधन भी बंद कर दिए। जांच में पता चला कि ठगों ने झूठी वेबसाइट बनाकर व्यापारी को धोखा दिया और करीब तीन करोड़ रुपये हड़प लिए। व्यापारी ने साइबर क्राइम पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विदेशों में बैठकर चला रहे निवेश के नाम पर ठगी का काला धंधा
साइबर ठग अब निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठग रहे हैं। बीते कुछ समय से ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें फर्जी वेबसाइटों के जरिये लोगों से ऑनलाइन निवेश कराया जा रहा है। ठग इन वेबसाइटों पर निवेश की गई राशि को दोगुना या डेढ़ गुना दिखाकर लालच देते हैं। शुरुआत में मामूली मुनाफा देकर विश्वास जीतते हैं और फिर बड़ी रकम निवेश कराने के बाद पूरा पैसा हड़प कर गायब हो जाते हैं।
व्हाट्सएप पर शादी के निमंत्रण भेज कर हैक कर रहे खाते
शादी के सीजन में साइबर ठगों ने ठगी का एक नया तरीका अपनाया है। अज्ञात नंबरों से लोगों को व्हाट्सएप पर शादी का निमंत्रण भेजा जा रहा है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है उसका मोबाइल डेटा और बैंक खाता हैक हो जाता है। ठग कुछ ही मिनटों में खाते से पूरी जमा पूंजी निकाल लेते हैं। इसलिए किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक या शादी के निमंत्रण को न खोलें और सतर्क रहें।
किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश न करें
इस बारे में साइबर क्राइम थाने के प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि भिवानी में एक व्यापारी से करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी के मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और जांच जारी है। जनता से अपील है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर या गैर-अधिकृत वेबसाइट पर ऑनलाइन निवेश न करें। पैसा निवेश करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल कर लें और केवल मान्यता प्राप्त संस्थान में ही निवेश करें ताकि धन सुरक्षित रहे।