भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई सर्कुलर रोड हनुमान गेट बर्फ फैक्टरी चौक पर शनिवार को मुख्य पेयजल लाइन में लीकेज होने से हाईवे का हिस्सा धंस गया। आरसीसी पैटर्न पर बनी सड़क करीब चार फीट तक नीचे बैठ गई जिससे भारी वाहनों के गुजरने पर हादसे का खतरा बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने तुरंत सड़क की खोदाई शुरू कराई।
जेसीबी मशीन से करीब 11 फीट तक खोदाई की गई। इस दौरान हनुमान गेट चौक पर एक तरफ का रास्ता बंद करना पड़ा जिसके चलते सर्कुलर रोड से होकर गुजरने वाले वाहनों को केवल वन-वे से ही निकाला गया। मुख्य लाइन की लीकेज के कारण दादरी गेट बूस्टर से जलापूर्ति प्रभावित रही और टेल एरिया तक पानी नहीं पहुंच सका।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार लीकेज दुरुस्त करने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। इस अवधि में शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति में दिक्कत झेलनी पड़ सकती है।
दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई के दायरे में शहर का सर्कुलर रोड आता है। इसी सर्कुलर रोड के हनुमान गेट बर्फ फैक्टरी और माता मंदिर के सामने आरसीसी सड़क मुख्य पानी की लाइन फटने से धंस गई। इसे ठीक कराने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शनिवार को मरम्मत कार्य शुरू किया।
काम के दौरान देवसर चुंगी से दादरी गेट की दिशा वाला एक रास्ता बंद करना पड़ा जबकि दादरी गेट से हनुमान गेट होकर हालुवास गेट की ओर जाने वाला मार्ग चालू रखा गया। इससे दिनभर वाहनों को वन-वे मार्ग से ही गुजरना पड़ा।
लीकेज की वजह से हनुमान गेट, हालुवास गेट, हालु मोल्ला समेत आसपास की दर्जनों कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि दिन में ट्रैफिक दबाव अधिक होने के कारण रात के समय कर्मचारियों को लीकेज ठीक करने के काम में लगाया गया।
करीब डेढ़ साल पहले बनाया गया था नया सीवर मैनहोल
हनुमान गेट चौक पर करीब डेढ़ साल पहले मुख्य सीवर लाइन का नया मैनहोल बनाया गया था। उस समय भी सीवर लीकेज से सड़क बार-बार धंस रही थी जिससे सड़क किनारे बना माता मंदिर गहरे गड्ढे में धंस गया था। बाद में लीकेज ठीक होने के बाद माता मंदिर का पुनर्निर्माण कराया गया। वर्तमान में सीवर मैनहोल सही स्थिति में है लेकिन अब उसके पास मुख्य पानी की लाइन लीक होने से फिर से समस्या खड़ी हो गई है। इसके चलते नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा तैयार की गई आरसीसी सड़क टूटकर बिखर गई है। अब विभाग ने गहरे गड्ढे की खोदाई कर लीकेज का समाधान करने का कार्य शुरू कर दिया है।
हनुमान गेट चौक पर मुख्य पानी की लाइन में लीकेज की वजह से समस्या बनी थी। लीकेज का समाधान कराने के लिए कर्मचारियों को काम पर लगा दिया गया है। जल्द ही लीकेज को दुरुस्त करा दिया जाएगा। इसके बाद इस क्षेत्र में पानी की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। - ताजदीन, कनिष्ठ अभियंता, शहरी पेयजल शाखा