26 से 28 तक साई में चयन के लिए ट्रायल
भिवानी। भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा संचालित (साई) प्रशिक्षण केंद्र भिवानी में वार्षिक चयन स्पर्धा ट्रायल 26 से 28 फरवरी को भीम खेल परिसर व साई खेल छात्रावास में होगी। इन स्पर्धाओं में लड़कों के लिए एथलेटिक्स थ्रोज इवेंट्स, बॉक्सिंग व कुश्ती और डे बोर्डिंग स्कीम में लड़के व लड़कियां भाग ले सकती हैं। आवेदन पत्र पूर्णरूप से भरा हुआ 26 फरवरी तक कार्यालय में जमा करवाना होगा।
साई के प्रभारी सतीश सरहदी ने बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा चयनित प्रार्थी को 225 रुपये की प्रतिदिन संतुलित खुराक, नि:शुल्क आवास, खेल पोशाक, चिकित्सा सुविधा व बीमा सहित शिक्षा तथा नैतिक शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि युवा प्रतिभाओं के सर्वांगीण विकास के लिए साई में प्रवेश के लिए आयु सीमा 10 से 18 वर्ष, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त किया हो या जिला स्तरीय व राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय या तृतीय स्थान हासिल किया हो। उन्होंने बताया कि आवेदक अपने साथ आयु, शिक्षा तथा खेल उपलब्धि राजपत्रित अधिकारी द्वारा सत्यापित प्रमाण-पत्र और स्पर्धा के समय मूल प्रमाण-पत्र साथ लाएं। इसके अलावा मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र व रिहायशी प्रमाण-पत्र भी आवेदन के साथ जमा कराने होंगे। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र प्रशिक्षण केन्द्र से प्राप्त कर सकते हैं।