गणतंत्र दिवस समारोह : रिहर्सल में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
भिवानी । गणतंत्र दिवस समारोह कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए हुई ट्रायल में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए सात स्कूलों की टीमों के बच्चों ने भाग लिया और अपनी प्रस्तुति पेश की।
बुधवार को भीम स्टेडियम मेें एसआरएस, बीपीएस, टीआईटी, हलवासिया स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, वैश्य मॉडल स्कूल और केएमपीएस स्कूल के बच्चों ने योगा, राष्ट्रीयगान, स्वच्छ भारत मिशन, देशभक्ति के गीत व राजस्थानी गानों पर अपनी प्रस्तुति दी।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश शर्मा ने प्रस्तुति के दौरान बच्चों को कार्यक्रमों की बेहतरी के लिए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार चार या पांच सांस्कृतिक कार्यक्रमों का ही चयन किया जाएगा। इस मौके पर राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या किरण गिल सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चे व टीम इंचार्ज उपस्थित रहे।