भिवानी। जिले के 25 फीडरों के अंतर्गत आने वाले 83 गांवों में ग्रामीणों को चौबीस घंटे बिजली मिलने लगेगी। इसके लिए बिजली निगम ने साढ़े 23 करोड़ रुपये के बजट के वर्क ऑर्डर जारी कर एजेंसियों को काम अलॉट कर दिया है। इतना ही नहीं निगम के चीफ इंजीनियर को करीब 40 करोड़ बजट की प्लानिंग भी भेजी गई हैं, जिसमें भिवानी व चरखी दादरी जिले के 29 फीडरों पर 85 गांवों को चौबीस घंटे बिजली मिलने की बात है। निगम के इस मसौदे को अगले सप्ताह मंजूरी मिल जाएगी, जिसके बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। जिले के 38 बिजली फीडरों पर पहले ही काम पूरा हो चुका है। जिसमें 97 गांवों मेें चौबीस घंटे बिजली मिलने लगी है। इसके अलावा 16 फीडरों पर काम चल रहा है, जिसमें 51 गांवों के ग्रामीणों को फायदा मिलेेगा।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा जारी किए वर्क ऑर्डर में सिटी डिविजन के पांच फीडर शामिल हैं, जिनमें 15 गांव आते हैं। अर्ध शहरी डिवीजन के छह बिजली फीडर हैं जिसमें 31 गांव शामिल हैं। दादरी डिविजन के 14 फीडर शामिल हैं, जिसमें 37 गांवों को योजना का लाभ मिलेगा। वर्क ऑर्डर होने के बाद इन गांवों को चौबीस घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित कंपनी ने काम शुरू किया है। वहीं छह माह की अवधि के दौरान इन फीडरों पर लाइनों का नवीनीकरण का काम पूरा हो जाएगा। जिसके बाद ग्रामीणों को 12 से 18 घंटे की बजाए चौबीस घंटे बिजली मिलने शुरू होगी।
इन फीडरों के गांवों में मिलेगा ग्रामीणों को फायदा
बामला फीडर के चार गांव, प्रहलादगढ़ फीडर का एक गांव, भुरटाना फीडर के चार गांव, दरियापुर फीडर के पांच गांव, सागवान फीडर का एक गांव, नकीपुर फीडर के तीन गांव, भगासरा फीडर के सात गांव, मनफरा फीडर के नौ गांव, कारिधारिणी फीडर के चार गांव, सिंघानी फीडर का एक गांव, मोहिला फीडर के सात गांव, चरखी दादरी के रावलधी फीडर के तीन गांव, डोहका हरिया फीडर के तीन गांव, खेड़ी फीडर के दो गांव, नरसिंहवास फीडर के तीन गांव, बिंद्रावन फीडर के चार गांव, बिरहीकलां फीडर का एक गांव, डोहका दीना के पांच गांव, पांडवान फीडर के दो गांव, बेरला फीडर के तीन गांव, डालावास फीडर के चार गांव, बौंदकलां फीडर के तीन गांव, मानहेरू फीडर के चार गांव शामिल हैं।
अगले सप्ताह इन 85 गांवों में भी चौबीस घंटे बिजली को मिलेगी मंजूरी
जिले के गांव झरवाई, नंदगांव, ढाणी झरवाई, ढाणी राजपूत, अहीरवाल नवा, कोंट, उमरावत, पूर्णपूरा, दिनोद, उमरवास, भारीवास, जीतपुरा, लाडावास, हेतमपुरा, केहरपुरशा, टिटा, लोहानी, खरकड़ी, ढाणी, झांझडा, अहमद, खोरड़ा, किशनपुरा, गोविंदपुरा, ढाणी लक्ष्मण, भुंगला, चनाना, भाखरा पूर्ण, धीरजा, चरखी कलां, चरखी खुर्द, छपार, हडौदा, हडौदी, हरिया, ढाणी अहीरान, चांदवास, निमड़, बड़ेसरा, किसकिंधा, किशनपुर सरदारा, किशनपुरा हट्टी, किशनपुरा हुकमी, गोपी, पंचगांव, ढाणी डालावास, चरखी, मंढौला, मंढौली, छिल्लर, दुधवा, अहमदपु र, डाढीबाना, जावा, पालड़ी, बधवाना, बालरोड, कलियाणा, अशवाड़ी, रामलवास, रामबास, गोकल, मकड़ानी, मकड़ाना, संतोखपुरा, गोठडा, कन्हैटी, भागवी, सरूपगढ़, संतोर निमली, घसौला, महराणा, पातुवास, खारी सनवाल, टिकान, बड़ाला, कायला, सांगा, सांकरोड, मिर्च, कामौद गांव शामिल हैं। जिनमें जगमग योजना मंजूरी के लिए मसौदा चीफ इंजीनियर के पास भेजा है।
वर्जन-
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने सर्कल के 51 फीडरों को पूरी तरह से जगमग योजना में शामिल कर दिया है, जिसके बाद 151 गांवों में चौबीस घंटे बिजली मिल रही है। 25 फीडरों के 83 गांवों को जगमग करने के लिए वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं, जिन पर आगामी छह माह में काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा 29 फीडरों के 85 गांवों को जगमग किए जाने की योजना चीफ इंजीनियर को भेजी हैं, जिसे अगले सप्ताह मंजूरी मिल जाएगी, जिस पर भी काम शुरू करा दिया जाएगा।
- राजकुमार जाजौरिया, महाप्रबंधक भिवानी सर्कल।