अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
बार-बार शिकायत की मगर जुई फीडर की सफाई व चौ. बंसीलाल कैनाल की सफाई नहीं हुई। तीन बार टेंडर प्रक्रिया भी हुई। सफाई नहीं होने के विरोध में वार्ड पांच से पार्षद ईश्वर मान ने कुछ पूर्व पार्षदों के साथ नहर में सफाई की। उन्होंने ढोल-नगाड़े बजवाकर सिंचाई विभाग के खिलाफ रोष जताया और नहर में ही धरना दिया।
पिछले दो साल से जुई फीडर, चौ. बंसीलाल कैनाल की सफाई नहीं हुई है। वार्ड पांच से पार्षद ईश्वर मान ने बताया कि वे पिछले दो साल से नहर की सफाई कराने की मांग कर रहे हैं। 14 दिसंबर 2017 में सिंचाई विभाग ने टेंडर लगाए। बीती 24 मार्च को दोबारा शिकायत की तो 27 मार्च को फिर टेंडर लगा दिए। मगर आज तक भी सफाई नहीं हुई है। पार्षद ईश्वर मान ने अपने देवसर के पूर्व सरपंच जसवंत सिंह, पार्षद प्रतिनिधि अशोक कुमार, पूर्व पार्षद बृजलाल, रमेश पंघाल के साथ नहर में सफाई की और ढोल-नगाड़े बजवाकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया। पार्षद ने नहर के बीच में ही टेंट लगाकर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक धरना दिया। उन्होंने बताया कि नहर झाड़ियों, मिट्टी से अटी पड़ी है। लोगों तक पानी नहीं पहुंच रहा। ऐसे में किसानों की आय दोगुनी कैसे होगी। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग से जेई संजय उनके पास आए थे और जेई नरेंद्र ने फोन पर बातचीत कर नहर की सफाई जल्द कराने की बात कही है। उन्होंने चेतावनी दी कि दो दिन में नहर की सफाई नहीं हुई तो वे फिर से धरना देंगे।
फोटो 12