अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
गांव रेवाड़ीखेड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। युवक के सिर में गोली लगी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई में भी युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं परिजनों का कहना है कि युवक अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर को साफ कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दबने से हादसा हुआ।
मामला शुक्रवार दोपहर करीब पौने एक बजे का है। रेवाड़ीखेड़ गांव वासी करीब 18 वर्षीय निखिल के सिर में गोली लग गई। परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। सूचना पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुुंची। गुजरानी चौकी पुलिस पीजीआई भी पहुंचे। जहां घायल युवक के ताऊ परिक्षत ने बताया कि युवक अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर साफ कर रहा था कि अचानक ट्रिगर दब गया और यह हादसा हुआ। मामले में गुजरानी चौकी से जांच अधिकारी एएसआई संजय कुमार ने बताया कि परिजनों ने बताया कि हादसा इत्तफाकन हुआ है। युवक निखिल की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। युवक 12 का छात्र बताया जा रहा है।
गोली लगने से पिता की हो चुकी है मौत
संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल युवक निखिल के पिता रतनलाल की चार-पांच वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। उनके पास लाइसेंसी रिवाल्वर था। इतने साल बाद भी परिवार के सदस्यों ने रिवाल्वर जमा नहीं करवाया। पुलिस प्रशासन की भी यहां लापरवाही उजागर हो रही है।