भिवानी। शहर के भीम स्टेडियम में शुक्रवार को शिक्षा विभाग हरियाणा व एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के बैनरतले होने वाली पांच दिवसीय 68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद कबड्डी स्पर्धा अंडर-19 आयुवर्ग का आगाज शनिवार से होगा। वहीं, खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था सर्वपल्ली राधाकृष्ण स्कूल में की गई है।
शुक्रवार को शिक्षा विभाग की तरफ से रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली टीमों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वागत कमेटी में शामिल सदस्यों व स्काउट सदस्यों ने खिलाड़ियों को पुष्प देकर स्वागत किया। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल स्टेडियम में भेजा गया। स्टेडियम में पहुंचने वाले खिलाड़ियों के कागजात को चेक किया गया। जांच पड़ताल पूरी होने के बाद खिलाड़ियों का वजन कराया गया।
स्पर्धा के लिए पहुंचे खिलाड़ियों (लड़के) का वजन 70 किलोग्राम से ज्यादा मिलने पर टीम से बाहर किया गया। खेलों की सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसजीएफआई ने विभिन्न प्रदेशों से आई टीमों का शेड्यूल जारी किया। शुक्रवार सुबह नौ बजे शिक्षा विभाग द्वारा गठित 91 सदस्यीय टीमों ने खिलाड़ियों के दस्तावेज जांचने का कार्य शुरू किया।
दस्तावेज जांचने का कार्य शाम चार बजे तक चला, जो खिलाड़ी पहुंचे उनमें से अधिकांश के कागजात पूरे मिले। लड़कियों को 65 किलोग्राम तक भार होने पर टीम में शामिल किया गया।
टीमों के खेलने के लिए एसजीएफआई ने बनाए 8 पुल
एसजीएफआई ने शनिवार से शुरू होने वाली लड़के व लड़कियों के मैचों का पुल जारी किया। एसजीएफआई ने आठ पुल बनाए है। पुलों में शामिल टीमों के ही मैच होंगे और पहले राउंड में सभी मैच लीग आधार पर खेले जाएंगे। पुल की विजेता एक टीम को नॉक आउट आधार पर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिलेगा। क्वार्टर फाइनल से सभी मैच नॉक आउट आधार पर खेले जाएंगे। हारने वाले टीम प्रतियोगिता से बाहर हो जाएगी। इस बारे में सभी टीमों को सूचित कर दिया गया है। लड़कों के ए पुल में हरियाणा, चंडीगढ़, दादर एवं नगर हवेली और दमन दीव, बी पुल में विद्या भारती, तमिलनाडू, ओडिशा, पंजाब को शामिल किया गया है। वहीं, सी पुल में राजस्थान, गुजरात, सीबीएसई वेलफेयर स्पोर्ट्स बोर्ड, डी पुल में देहली, उतराखंड, सीबीएसई, महाराष्ट्र, ई-पुल में आंध्रा प्रदेश, सीआईएससीई, एनवीएस, डीएवी कॉलेज मैनेजमेंट कमेटी, एफ पुल में मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, बिहार, जी पुल में जम्मू एंड कश्मीर, पश्चिमी बंगाल, पुंडुचेरी, तेलगांना, एच पुल में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ, केरल, असम को शामिल किया गया है।
अधिकारियों ने लिया खेल स्थल का जायजा
शनिवार को शुरू होने वाले खेल स्पर्धा के सफल आयोजन के लिए शुक्रवार को एसजीएफआई से पहुंची ऑफिसर सुशीला कुमारी, जिला शिक्षा अधिकारी नरेश मेहता, बीईओ शिव कुमार तंवर, बीईओ सुरेंद्र कुमार(सिवानी), प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रामौतार शर्मा व अन्य खेल प्रशिक्षकों ने जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी शारीरिक शिक्षक, शिक्षा विभाग के व अन्य कर्मचारी मिलजुल कर कबड्डी के महाकुंभ को सफल बनाएं।