बिजली घर से शिकायत रजिस्टर गायब रहने पर विधायक ने जताई नाराजगी
भिवानी। बाढड़ा विधायक सुखविंद्र मांढी ने शुक्रवार को जूई बिजली घर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई बिजली कर्मचारी नदारद होने, शिकायत पंजीकरण रजिस्टर नहीं होने, सिटीजन चार्ट गायब और सब स्टेशन पर अधिकतर फीडर बंद होने पर विधायक ने भारी नाराजगी जताई। इस बारे में विधायक ने निगम के एसई और सीएमडी शत्रुजीत कपूर से जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर बात कही।
सुखविंद्र मांढी के अचानक जूई बिजली घर में पहुंचने हड़कंप मच गया। बाद में विधायक ने बताया कि जूई बिजलीघर में निरीक्षण करने के समय काफी खामियां सामने आई। अधिकतर कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले वहीं बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण के लिए लगाए जाने वाले शिकायत पंजीकरण रजिस्ट्रर तक गायब मिले।
उन्होंने बताया कि सरकार की तरफ से खेतों में रहने वाले किसानों को ट्रांसफार्मर के माध्यम से बिजली देने के आदेश जारी कर रखे हैं। लेकिन जूई सब स्टेशन के अधिकांश फीडर बंद पड़े हैं। बिजली घर से खेतों में बिजली सप्लाई के लिए 26 फीडर है जिनमें से केवल 15 काम कर रहे हैं। ऐसे में खेतों में रहने वाले किसानों को ट्रासंसफार्मर से बिजली देने की सरकार की योजना पर निगम के अधिकारियों की लापरवाही और सुस्ती भारी पड़ रही है।
इस बारे में निगम के अधिकारियों से बात की और पुराने बिजली तारों को बदलने, जले हुए ट्रांसफामर्र को जल्द ठीक करवाने और पुराने तारों को बदल कर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा। इस अवसर मुकेश जाखड़, प्रदीप गोलागढ़, प्रवीण हरीपूर, उदमसिंह उमरवास, अशोक कैरू, मांगेराम उमरवास, शेर सिंह लेंघा, बीर सिंह कैरू, मंजीत जूई आदि साथ थे।