अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम। दीवाली की रात तोशाम से बदमाशों द्वारा साढ़े 17 लाख से ज्यादा की नकदी के साथ उखाड़ा गया एटीएम मेवात जिले के तावडू थाना अंतर्गत एक गांव से बरामद की गई है। हालांकि नकदी और बदमाश अभी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस ने वारदात में शामिल बदमाशों का भी मेवात जिले से संबंध होने की संभावना जताई है।
बता दें कि दीवाली की रात्रि पिकअप से लोहे की बेल बांध एटीएम मशीन को उखाड़ लिया गया था। बदमाश एटीएम को गाड़ी में रखकर फरार हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार मात्र छह मिनट में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया था। एटीएम लूट की यह सनसनीखेज वारदात तोशाम के मुख्य बाजार मार्ग में हुई थी। मुख्य चौक से अस्पताल मार्ग पर एचडीएफसी बैंक का एटीएम लगा हुआ था। एटीएम पर कोई गार्ड तैनात नहीं था। बदमाशों ने इसी बात का फायदा उठाया।
बदमाशों ने सबसे पहले मशीन के कैबिन में घुसने वाले पीली शर्ट पहने नकाबपोश ने पहले हाथ से और फिर लोहे की रॉड से सीसीटीवी तोड़ने का प्रयास किया। इसके बाद एटीएम को उखाड़कर गाड़ी में डालकर बदमाश चौ. बंसीलाल चौक की ओर निकल गए थे।
एटीएम मशीन को उखाड़कर साथ ले जाने के मामले में पुलिस सरगर्मी से तलाश में लगी हुई है। पुलिस की तीन टीमें मामले की जांच में लगी हैं। अब सूचना मिली कि उखाड़ा गया एटीएम तावडू थाना के गांव सरबस में है। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची। पुलिस जांच-पड़ताल के बाद अब एटीएम ला रही है। थाना प्रभारी जयसिंह यादव ने बताया कि मेवात जिले के तावडू थाना अंतर्गत सरबस गांव से मशीन बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि संभवत: बदमाश भी मेवात एरिया के ही रहने वाले हैं। पुलिस पड़ताल में लगी हुई है जल्दी ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।