फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुशासन सहयोगी ने ली क्लास, तो शहर के मुख्य मार्गों से ट्रेफिक जाम रोकने में जुटी ट्रेफिक पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

भिवानी। शनिवार तक शहर में जाम का कारण बनी सड़क किनारे लगी रेहड़ियां व सड़क के बीच खड़ी गाड़ियां रविवार को नजर नहीं आई। दरअसल सुशासन सहयोगी हिमांशु पांडे ने जाम की परेशानी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की क्लास ली तो रविवार को नजारा बदला-बदला नजर आया। बेशक रविवार छुट्टी का दिन होता है इसके बावजूद रोहतक गेट, हांसी गेट, महम गेट, घंटाघर चौक पर रेहड़ियां या तो गायब थी या फिर दुकानों से बिल्कुल सटी हुई थी। फुटपाथ खाली-खाली नजर आया। वहीं अब व्यवस्था ना बिगड़े इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी देर शाम तक ड्यूटी देंगे।
शहर में लंबे समय से ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ी हुई है। शहर के मुख्य चौक चौराहों पर दिनभर जाम की स्थिति रहती है। खासकर रोहतक गेट, महम गेट चौक, हांसी गेट चौक, घंटाघर चौक पर स्थिति ज्यादा खराब रहती है। इसका मुख्य कारण है फुटपाथ पर अवैध कब्जे, रेहड़ियां और लोगों द्वारा सड़क पर ही वाहन खड़े करना। इसी मसले पर शनिवार दोपहर बाद सिविल लाइन थाना में सुशासन सहयोगी हिमांशु पांडे ने ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में ऐसी व्यवस्था की जाए कि लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल सके।
विज्ञापन

सुशासन सहयोगी की क्लास का असर व्यवस्था पर दिखा। रविवार को रोहतक गेट चौक, हांसी गेट, महम गेट चौक, घंटाघर चौक पर सडक़ किनारे से मार्ग खुले नजर आए। अक्सर रेहड़ियों व अतिक्रमण तले दबे रहने वाले फुटपाथ भी खाली नजर आए। रोहतक गेट पर दुकानदारों ने विरोध भी किया मगर पुलिस ने एक नहीं सुनते हुए सभी को हटवाया।
रेहड़ी लगाने वालों के बीच पहुंचे सुशासन सहयोगी
रोहतक गेट पर सड़क किनारे लगी रेहड़ियों को हटवाकर बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए सुशासन सहयोगी हिमांशु पांडे स्वयं भी रेहड़ी दुकानदारों के बीच पहुंचे। उन्हें नई जगह देने की बात कही। इस पर दुकानदारों ने बताया कि चौक से दूर जगह होगी तो उनसे सामान लेने कौन आएगा। दुकानदारों ने बताया कि इस पर सुशासन सहयोगी ने आश्वासन दिया कि कोई बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी में भी किया बदलाव
अक्सर ट्रैफिक पुलिस कर्मी शाम को पांच से छह बजे के बीच निकल जाते हैं। व्यवस्था बनाने के लिए अब एसएचओ ट्रैफिक ने शहर के घंटाघर चौक, महम गेट चौक, हांसी गेट चौक और रोहतक गेट चौक पर देर शाम आठ बजे तक ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है ताकि यहां जाम की स्थिति ना बने।
नेहरू पार्क में फिर पार्किंग पर विचार विमर्श
हांसी गेट पर सबसे ज्यादा जाम लगता है और इसका कारण यहां की मार्केट और बैंक। बैंक में अनेक कर्मचारी और ग्राहक गाड़ियां लेकर आते हैं और वे सड़क किनारे ही अपने वाहन खड़े करते हैं जिससे जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में नेहरू पार्क के साथ वाली जगह जहां पहले पार्किंग होती थी, वहां फिर से पार्किंग बनाने पर विचार किया जा रहा है। यह जगह पुलिस प्रशासन की है। पहले यह जगह नप के पास थी तो पार्किंग बनाई गई। बाद में पता चला कि यह जगह पुलिस की है। उसके बाद से यह जगह खाली है।
दुकानदारों ने जताया रोष
रोहतक गेट पर रेहड़ियां हटवा फुटपाथ खाली करवाने का दुकानदारों ने दबी जुबान में विरोध भी किया। रेहड़ी दुकानदारों ने कहा कि वे किनारे पर सामान बेचकर अपना घर चलाते हैं, मगर ट्रैफिक पुलिस परेशान कर रही है। यहां सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी होती है मगर उन्हें नहीं हटाया जाता। साथ ही दुकानदारों ने कहा कि उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। रोहतक गेट की कितनी बड़ी मार्केट है मगर यहां शौचालय की सुविधा ही नहीं है। पुरुष तो इधर-उधर चले जाते हैं, मगर महिलाओं खास लड़कियों को ज्यादा परेशानी होती है। यहां स्कूल-कॉलेज की काफी छात्राएं खड़ी होती हैं। इस परेशानी के समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे।
विज्ञापन

वर्जन::::
ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सुशासन सहयोगी हिमांशु पांडे ने ट्रैफिक पुलिस से मीटिंग की थी। हमारा प्रयास है कि कम से कम मुख्य मार्ग तो खाली रहे और जाम ना लगे। इसके लिए सड़क और फुटपाथ से रेहड़ियां हटवाई हैं।
-इंस्पेक्टर प्रेम सिंह, एसएचओ ट्रैफिक पुलिस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें