भिवानी। गांव हालुवास में चौगानन माता चौराहे पर चार सितंबर की देर रात करीब एक बजे पूजा के लिए पहुंचे पांच लोगों पर गांव के ही सात लोगों ने तंत्र विद्या करने के शक में हमला कर दिया। आरोपियों ने करीब छह मिनट का वीडियो भी बनाया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ितों को डायल 112 की टीम ने अलसुबह तीन बजे बचाया और सदर पुलिस थाना लेकर पहुंचाया। वहां से उन्हें उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। सदर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पीड़ित परमजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर कार्यक्रम था। इसके बाद चार सितंबर की देर रात वह ढाणा रोड निवासी पुरुषोत्तम, नया बस स्टैंड पर जलेबी की दुकान संचालक रूप सिंह, हालुवास निवासी मंटू और हनुमान गेट निवासी विकास के साथ चौगानन माता चौराहे पर पूजा सामग्री लेकर गए थे। पूजा सामग्री मटके में थी जिसमें अंडे, शराब, पतासे और अन्य चीजें थीं। वे दो मुर्गे भी साथ लेकर गए थे जिन्हें वहां रखा जाना था, उनकी बली नहीं चढ़ानी थी।
गांव के ही सात लोगों ने उन्हें जबरन पकड़ लिया और रॉड, लात-घूंसे से बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने उनके पैसे और मोबाइल फोन छीन लिए और पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दी। उन्हें डेढ़ घंटे तक बंधक बनाया गया और पिटाई का वीडियो बनाया। वीडियो में पीड़ित बार-बार मदद की भीख मांगते दिखे लेकिन आरोपी गालियां देते रहे। अलसुबह तीन बजे डायल 112 की टीम उन्हें सदर थाना लेकर गई। वहां से उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया।
पैसे नहीं होने पर नहीं कटी एमएलआर, दो घायलों की कटी एमएलआर
घायलों को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। इसमें परमजीत और एक अन्य घायल की एमएलआर काटी गई। अन्य घायल केवल प्राथमिक उपचार ही करवा पाए क्योंकि उनके पास पैसे नहीं थे। घायल पुरुषोत्तम को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
तंत्र विद्या के शक में विवाद, मुर्गों की बलि को लेकर हुआ आरोप
वारदात के दौरान आरोपियों की वीडियो में पिटाई और गाली-गलौज दिखाई दे रही है। आरोपियों ने पांचों से कहा कि वे रात को तंत्र विद्या करने और चोरी के लिए आए थे। दो मुर्गों की बलि देने का शक भी जताया गया जबकि मौके पर कोई बलि नहीं दी गई। पूजा सामग्री का मटका भी फूट गया और सामग्री खंडित हो गई। इस बारे में भिवानी सदर थाने के एसएचओ विकास ने बताया कि गांव हालुवास में देर रात को पांच लोगों के साथ झगड़ा किए जाने और अभद्र व्यवहार की शिकायत आई थी। जिस पर सदर पुलिस ने एससीएसटी एक्ट सहित झगड़ा करने की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।