भिवानी। सीआईए द्वितीय ने गांव सिंघानी और गोठड़ा में शराब ठेके पर लूट, तोड़फोड़ और कार्यरत सेल्समैन को जान से मारने की नीयत से बोलरो कैंपर से टक्कर मारने के मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
आरोपियों में मनदीप निवासी सिंघानी, दिनेश निवासी सुखपुरा कला, अमित निवासी सिंघानी, संदीप निवासी सिंघानी और सुनील निवासी पिचोपा खुर्द जिला चरखी दादरी शामिल हैं।
इस बारे में शराब ठेकेदार पविंदर निवासी दोबड़ा, पिलानी (झुंझुनू, राजस्थान) ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 12 जून की रात को आरोपियों ने बिना नंबर की बोलरो कैंपर गाड़ी से गांव सिंघानी स्थित शराब ठेके पर कार्यरत सेल्समैन को जान से मारने की नीयत से कई बार टक्कर मारी थी। इसके अलावा आरोपियों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया था।
इसके बाद, 13 जून को आरोपियों ने गांव गोठड़ा में स्थित शराब ठेके पर भी वही वारदात की।
आरोपियों ने फिर से बोलरो कैंपर से सेल्समैन को जान से मारने की नीयत से ठेके को कई बार टक्कर मारी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को सीआईए द्वितीय के उप निरीक्षक बलजीत सिंह ने गांव सिंघानी से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।