भिवानी। सिंचाई एवं जल संसाधन कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि जिले में 174.48 करोड़ रुपये की लागत से 45 विकास कार्य पूरे किए गए हैं। इन कार्यों से भिवानी जिले के 108 गांवों को लाभ पहुंचा है और सिंचाई के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है।
सरकार किसानों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराने के साथ जल प्रबंधन और बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कदम उठा रही है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि किसानों की खुशहाली सिंचाई विभाग का मुख्य उद्देश्य है। किसानों को नहर के पानी की पर्याप्त और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वाटर सिक्योर हरियाणा प्रोजेक्ट के तहत कई प्रमुख पहल की जा रही हैं।
इसके तहत करीब 211.45 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बुटाना ब्रांच के कार्य और 75 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से भिवानी सब ब्रांच के पुनर्निर्माण को मंजूरी दी गई है। ये कार्य क्रमिक रूप से किए जा रहे हैं और इन्हें 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इन पुनर्निर्माण परियोजनाओं के पूरा होने के बाद भिवानी और चरखी दादरी जिलों में सिंचाई के पानी की उपलब्धता और वितरण में महत्वपूर्ण सुधार होने की उम्मीद है।
बाढ़ योजना के तहत करीब 6.20 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों को भी मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं के तहत आवश्यक कार्य पूरे किए जा चुके हैं। चल रही और पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्देश्य भिवानी, चरखी दादरी और राज्य के अन्य हिस्सों के लिए अधिक मजबूत, कुशल और टिकाऊ जल प्रबंधन प्रणाली तैयार करना है।