बवानीखेड़ा। गांव जाटू लोहारी में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों के चलते 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बताया गया है कि महिला ने गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था जिससे उपचार के दौरान उसकी जान चली गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया।
जानकारी के अनुसार जाटू लौहारी निवासी 40 वर्षीय बबीता की शादी गुरुग्राम में हुई थी और वह इन दिनों अपने मायके आई हुई थी। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि महिला का दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। इसी के चलते रविवार सुबह उसने गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उसे उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस में शिफ्ट करते समय ही महिला की मौत हो गई। मृतका के दो बच्चे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को शिफ्ट अटेंडेंट के माध्यम से नागरिक अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवाया है। मामले की जांच की जा रही है।