लघु सचिवालय में नीट परीक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते उपायुक्त साहिल गुप्ता।
भिवानी। जिलेभर के सात परीक्षा केंद्रों पर 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में 3,846 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीसी साहिल गुप्ता ने सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि नीट परीक्षा केंद्रों में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश किसी भी कीमत पर नहीं होना चाहिए। परीक्षा केंद्र के अंदर केवल परीक्षार्थियों और वहां नियुक्त स्टाफ सदस्यों को ही प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर लोगों का जमावड़ा नहीं लगना चाहिए।
डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल और बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर अनुकूल वातावरण मिलना चाहिए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी। उन्होंने परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि बायोमेट्रिक और फ्रिस्किंग के दौरान बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे चालू अवस्था में होने चाहिए। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीटीएम अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह और जीएम रोडवेज दीपक कुंडू भी मौजूद रहे।