भिवानी। 35 लाख की लूट मामले में 15 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से खफा व्यापारियों ने जनस्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ और हिसार रेंज के आईजी अनिल राव के साथ मुलाकात की। आईजी ने आश्वासन दिया कि मामले में देरी हो गई है। मगर जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे। जनस्वास्थ्य मंत्री ने व्यापारियों को बताया कि अब आईजी की एक टीम भी मामले की जांच करेगी। साथ ही मालगोदाम रोड पर पीसीआर लगातार गश्त करेगी।
चार दिसंबर को मालगोदाम रोड पर आभूषण व्यापारी दो भाइयों के साथ 35 लाख रुपये की लूट मामले में 15 दिन बाद भी आरोपी नहीं पकड़े जाने से व्यापारियों में रोष है। इसी मसले पर शुुक्रवार दोपहर रेस्ट हाउस में जनस्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ, आईजी अनिल राव के साथ व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। व्यापारियों ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर रोष जताया तो आईजी अनिल राव ने कहा कि मामले में देरी हो रही है। हमारी पुलिस मामले की जांच में लगी है। हर एंगल से जांच की जा रही है और उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे। आईजी ने बड़ौदा बैंक में सेंधमारी के प्रयास मामले में भी बताया कि उनकी टीम उसकी भी जांच कर रही है। जनस्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ ने कहा कि मामले में आईजी के साथ आई स्पेशल टीम यहीं रुक कर मामले की जांच करेगी। इसके अलावा माल गोदाम रोड पर भी पीसीआर लगातार गश्त करेगी।
सीएम से भी लगाई आरोपियों को पकड़ने की गुहार
बृहस्पतिवार देर रात व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल में जनस्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ की अगुवाई में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। मुख्यंत्री ने मामले पर तुरंत पुलिस अधिकारियों से बात की। मंत्री सर्राफ ने कहा कि वे पीड़ित व्यापारियों के साथ है। साथ ही उन्होंने बताया कि व्यापारियों की एक 11 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जो अपने स्तर पर इस मामले का क्लू ढूंढेगी और उसे पुलिस के साथ साझा भी करेगी, ताकि इस मामले का पटाक्षेप करने में पुलिस प्रशासन का भी सहयोग किया जा सके।