भिवानी। जिले में 28 वर्षीय युवक की रविवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई, जोकि तीसरी लहर में 12वीं मौत है। मंगलवार को कोरोना के सात नए मरीज मिले हैं, जबकि चार संक्रमित स्वस्थ हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को मंगलवार को सूचना प्राप्त हुई कि लोहारू सीएचसी क्षेत्र के गांव पहाड़ी निवासी 28 वर्षीय युवक कैंसर पीड़ित था। परिजनों ने उसे 24 फरवरी को उपचार के लिए एम्स दिल्ली में दाखिल करवाया, जहां 27 फरवरी को उसकी कोरोना जांच की, जिसमें की 28 फरवरी को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि मरीज को कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे, मगर संक्रमित होने की वजह से उसे एम्स में ही आइसोलेट कर दिया। उसकी हालत में सुधार होने पर पांच मार्च को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। अचानक छह मार्च को मरीज की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने मृतक के परिजनों के स्वास्थ्य की जांच की, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोरोना के 23 सक्रिय मरीज
जिले में कोरोना संक्रमण के फिलहाल 23 सक्रिय मरीज हैं, जिनमें से शहरी क्षेत्र में सात, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 18 मरीज हैं। इनमें से 23 मरीज होम आइसोलेट हैं और दो मरीजों को अस्पताल में दाखिल करवाया है। मंगलवार को कोरोना जांच के 1150 सैंपल नागरिक अस्पताल की लैब में भेजे हैं। हालांकि 932 सैंपल की रिपोर्ट पहले से लंबित है।
जिले में 648 को लगाए कोरोनारोधी टीके
भिवानी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार को जिले में 648 लाभार्थियों को कोरोनारोधी टीके लगाए हैं। इनमें से 570 को पहली और दूसरी डोज लगाई है, जबकि 78 लाभार्थियों को बूस्टर डोज लगाई है। इनमें से स्वास्थ्यकर्मियों को एक, 15 से 17 आयुवर्ग के किशोरों को 199 डोज, 18 से 44 आयुवर्ग के लाभार्थियों को 349 डोज, 45 से 60 आयुवर्ग के लाभार्थियों को 53 डोज, 60 से अधिक आयु के बुजुर्गों को 46 डोज लगाई हैं। जिले में अब तक 851775 को पहली और 763086 को दूसरी डोज लगाई है। वहीं 7117 को बूस्टर डोज लगाई है।
नियमों का पालन करें
जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता और टीकाकरण अभियान चला रहा है। आमजन से अपील है कि कोरोना सुरक्षा नियमों का पालन करें और अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ में जाने से परहेज करें। साथ ही वैक्सीन के लाभार्थी नजदीक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर वैक्सीनेशन जरूर करवाएं।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।