भिवानी। कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार गंभीर होता जा रहा है। सोमवार को भी कोरोना संक्रमित एक बुजुर्ग महिला व एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं 253 नए कोरोना संक्रमित सामने आए। पिछले सप्ताहभर में तीन बार एक ही दिन में 200 से अधिक संक्रमित मामले सामने आए हैं। अब जिले में 1336 एक्टिव केस हैं जबकि 254 कोरोना संक्रमित सोमवार को ठीक भी हुए। अब तक जिले में 8964 संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से 7445 ठीक चुके हैं।
कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 12 दिनों में 2029 कोरोना संक्रमित सामने आ चुके है यानी औसतन 170 हर रोज। इन 12 दिनों में 36 संक्रमितों ने अपनी जान भी गंवाई है यानी औसतन हर रोज तीन लोगों की मौत। इस सप्ताह तीसरी बार कोरोना संक्रमितों का एक दिन का आंकड़ा 200 के पार है। सोमवार को 253 संक्रमित सामने आए। इससे पहले 22 अप्रैल को 259, 21 अप्रैल को 211 संक्रमित सामने आए थे।
हृदय रोग व सांस की तकलीफ से परेशान हालुवास निवासी वृद्ध ने तोड़ा दम
हृदय रोग व सांस की तकलीफ से परेशान 68 वर्षीय हालुवास वासी वृद्ध ने कोरोना संक्रमित होने के बाद दम तोड़ दिया। वृद्ध 21 अप्रैल को हिसार के एक निजी अस्पताल में दवा लेने गया था। जहां उनका रेपिड टेस्ट किया गया। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अस्पताल में दाखिल नहीं किया गया और उन्हें आरटीपीसीआर टेस्ट कराने के लिए कहा गया। 22 अप्रैल को भिवानी सामान्य अस्पताल में आरटीपीसीआर टेस्ट हुआ, जिसकी रिपोर्ट 24 अप्रैल को पॉजिटिव आई। परिजनों ने होम आइसोलेट करवाया गया। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
58 वर्षीय महिला ने तोड़ा दम
कोरोना वायरस संक्रमित 58 वर्षीय महिला की मौत की सूचना आई है। महिला रोहतक रोड की रहने वाली है। महिला को 25 अप्रैल को हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की कोरोना रिपोर्ट उसी दिन पॉजिटिव आई थी।
1881 को लगाई कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन
एक ओर जहां कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन अभियान की रफ्तार भी तेज कर दी है। सोमवार को 30 सरकारी केंद्रों पर 1881 को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई गई। इनमें चार स्वास्थ्य कर्मियों, 33 फ्रंट लाइन कर्मचारियों, 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 944, 45 से 59 वर्ष आयु वर्ग के 900 कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई गई। विभाग की ओर से 2200 को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य था। 86 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया।
पिछले सात दिनों में ये रही कोरोना रिपोर्ट
तिथि संक्रमित मौत
21 अप्रैल 211 06
22 अप्रैल 259 02
23 अप्रैल 142 04
24 अप्रैल 168 05
25 अप्रैल 172 02
26 अप्रैल 253 02
वर्जन:::
कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार फैल रहा है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सावधानी रखें। कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें। मास्क लगाएं और सामुदायिक दूरी का ध्यान रखें। जहां तक जरूरी न हो भीड़भाड़ के क्षेत्रों में जाने से बचें।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन