भिवानी। राजकीय आईटीआई भिवानी में दाखिले के लिए चल रही पहली काउंसिलिंग 8 जुलाई को खत्म हो चुकी है। पहली काउंसिलिंग में 573 सीटों पर अब तक 224 विद्यार्थियों के दाखिले हो गए हैं। जबकि 265 सीटों के लिए 9 जुलाई से आईटीआई में दूसरी काउंसिलिंग शुरू हाे गई है।
9 से 12 जुलाई से तक दस्तावेजों की जांच पड़ताल की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दूसरी काउंसिलिंग के पहले दिन करीब 5 विद्यार्थियों ने अपना दाखिला करवाया। महाविद्यालयों में 11 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट लगेगी। 9 से 13 जुलाई तक विद्यार्थी अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। फिर भी अगर सीटें खाली रह जाती हैं तो तीसरी काउंसिलिंग में विद्यार्थियों के दाखिले किए जाएंगे।
कॉलेजों में कल लगेगी दूसरी मेरिट सूची
जिले के सभी महाविद्यालयों में भी दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। अभी पहली काउंसिलिंग महाविद्यालयों में जारी है। पहली मेरिट सूची में जिन विद्यार्थियों का चयन हुआ है, अब उनके दाखिले किए जा रहे हैं। विद्यार्थी महाविद्यालयों में जा कर फीस जमा करवा रहे हैं। 11 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची लगनी है। इसके अनुसार ही विद्यार्थियों के दाखिले किए जाएंगे।
राजकीय आईटीआई भिवानी में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। रोजाना विद्यार्थी अपना दाखिला करवाने के लिए आईटीआई में आ रहे हैं। उम्मीद है कि दूसरी काउंसिलिंग तक अधिकतर सीटें भर जाएंगी।
-वेद प्रकाश, नोडल अधिकारी, राजकीय आईटीआई भिवानी