भिवानी के नागरिक अस्पताल में स्थित पुलिस चौकी के बाहर खडे़ मृतक के परिजन।
भिवानी। लोहारू रोड पर गंदे नाला के पास संदिग्ध हालत में बरामद हुए युवक के शव की मंगलवार को शिनाख्त हो गई। हालांकि प्रारंभिक जांच में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सड़क हादसे का केस दर्ज किया। वहीं मृतक के परिजन युवक की हत्या की आशंका से भी इन्कार नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस लोहारू रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल चुकी है, जिससे भी हत्या या सड़क हादसा इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
लोहारू रोड पर बरामद हुए युवक के शव की पहचान 33 वर्षीय पुष्गर निवासी गांव कुडिया चिड़ावा राजस्थान के रूप में हुई है। वह गत सात जुलाई को अपनी पत्नी और दो बच्चों को अपनी ससुराल छोड़ने के लिए भिवानी में आया था। उसकी ससुराल रोहतक रोड स्थित न्यू डिफेंस कॉलोनी में थी, लेकिन वह अपने बीवी और दो बच्चों को बस स्टैंड पर ही छोड़कर साले के पास फोन कर उन्हें ले जाने की बोलकर चला गया था। उसके बाद से ही उसकी पत्नी व ससुराल जनों को उसकी कोई जानकारी नहीं थी।
उन्हें जैसे ही हादसे की सूचना मिली तो नागरिक अस्पताल में पहुंचकर मृतक की शिनाख्त पुष्गर के रूप में कर दी। मृतक का दुग्ध डायरी का साझे में कारोबार था और उसके दो लड़के हैं एक चार साल और एक दो साल का है। करीब सात साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। मृतक के ससुराल जनों और परिजनों को दो दिन से उसकी कोई जानकारी नहीं थी।
पुलिस को भी आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर सड़क पर रात के समय केवल अचानक कुत्तों की अफरा-तफरी ही दिखाई दे रही है। किसी वाहन से टकराने की भी कोई स्पष्ट फुटेज नहीं है। हालांकि लहूलुहान हालत में शव पुलिस को सड़क किनारे मिला था। फुटेज में पुलिस को एक संदिग्ध गाड़ी भी दिखाई दी है, जिससे सड़क हादसे का अंदेशा माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस ने किया अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज
जूई कलां पुलिस ने शव की सूचना देने वाले चश्मदीद नीरज की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। पुलिस को डायल 112 पर इसकी सूचना मिली थी। जूई कलां पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआई संजय ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।