भिवानी। दीवाली त्योहार की खुशियों में भंग ना पड़े इसके लिए विभागों को अलर्ट किया गया है। धनतेरस से दीवाली तक तीन का स्पेशल प्लान तैयार किया गया है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए अतिरिक्त नाके और मचान की योजना बनाई है। वहीं बिजली निगम के करीब 80 कर्मचारियों की टीम शहर के फील्ड में नजर आएगी ताकि फाल्ट आते ही तुरंत ठीक किया जाए। दमकल विभाग की गाड़ियों को भी अप्रिय घटना रोकने के लिए तैयार किया गया ।
सुरक्षित दीवाली के लिए दौड़ेंगे बिजली कर्मी
बिजली निगम ने दीवाली पर बिजली संबंधित परेशानी से निपटने के लिए 80 कर्मचारियों की स्पेशल टीमें बनाई है। ये टीमें फिलहाल तो मेंटीनेंस कार्य में लगी है ताकि दीवाली पर कोई समस्या ना हो। इसके बाद शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात होंगी। जहां भी फाल्ट आएगा, सूचना मिलते ही तुरंत पहुंचेंगी और फाल्ट को दूर किया जाएगा। एसडीओ विक्रम सिंह ने बताया कि सभी अच्छे से दीवाली मना सके इसके लिए प्लान तैयार किया है। प्लांट से ही अतिरिक्त बिजली की व्यवस्था की है ताकि कोई कट ना लगे।
बाजारों में भीड़ मगर गायब है पुलिस
पुलिस प्रशासन को भी दीवाली के लिए अलर्ट किया गया है। फिलहाल भी बाजारों में भीड़ उमड़ रही है लेकिन पुलिस कर्मी कहीं नजर नहीं आ रहे। हालांकि चार-चार महिला व पुरुष कर्मचारियों की पैदल गश्त की ड्यूटी बाजारों में लगाई गई है। वहीं धनतेरस से नए नाके लगाए जाएंगे। शहर मं घंटाघर, हांसी गेट, पर मचान तैयार किए जाएंगे।
अलर्ट रहेंगे सामान्य अस्पताल में चिकित्सक
तीन दिन के लिए एंबुलेंस चालकों और चिकित्सकों को अलर्ट किया गया है। चिकित्सक ऑन कॉल ड्यूटी पर रहेंगे वहीं इमरजेंसी में एक की बजाए दो-दो चिकित्सक नजर आएंगे। इसके लिए सभी एंबुलेंस को ठीक कराया गया है।
दमकल विभाग के कर्मचारी देंगे ड्यूटी
दमकल विभाग में कर्मचारियों की कमी है। ऐसे में सभी कर्मचारियों के अवकाश और छुट्टियां रद कर दी गई है। 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। फायर ऑफिसर ताव्राचंद सैनी ने बताया कि दमकल विभाग की गाड़ियां को पूरी तरह तैयार रखा गया है। दो गाड़ियां सामान्य अस्पताल के सामने पटाखों की स्टॉल के पास खड़ी की जाएंगी।
धनतेरस के लिए खूब हुई खरीददारी
धनतेरस की पूर्व संध्या पर भी बाजारों में खूब रौनक रही। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। जिससे दुकानदार के चेहरों पर भी रौनक नजर आई। बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण दिनभर जामा के हालात भी बने रहे।