एशियन यूथ बाक्सिंग चैंपियनशिप में नीतू ने जीता गोल्ड, धनाना में जश्न
भिवानी। थाईलैंड में चल रही एशियन यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फाइनल में धनाना गांव की नीतू घणघस ने मेजबान थाईलैंड की मुक्केबाज को 5-0 हराकर गोल्ड मेडल जीता। नीतू के गोल्ड मेडल जीतने पर गांव में जश्न मनाया गया।
शुक्रवार सुबह पौने 10 बजे शुरू हुए मैच में 48 किलोग्राम भार वर्ग में नीतू ने थाईलैंड की मुक्केबाज को कोई अवसर नहीं दिया और 5-0 से फाइनल मैच जीता। नीतू ने वीरवार को सेमीफाइनल मैच में कजाकिस्तान की खिलाड़ी को भी 5-0 से हराया था। नीतू की छोटी बहन तमन्ना ने बताया कि एक तरफा फाइनल मैच में बहन का जीतना अच्छा लगा। मैच के बाद उसकी नीतू से बात हुई। नीतू ने उससे अपने गेम के बारे में पूछा।
नीतू के जीतने के बाद पूरे गांव में जश्न का माहौल है। नीतू के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। घर पर लड्डू बांटकर खुशी मनाई गई। उल्लेखनीय है कि नीतू ने अक्तूबर 2017 में हुई वर्ल्ड यूथ बॉक्सिंग वूमन चैंपियनशिप में भी गोल्ड जीता था।
मां बोलीं, 2020 ओलंपिक में गोल्ड लाएगी नीतू
नीतू की मां मुकेश ने बताया कि नीतू का प्रदर्शन हर टूर्नामेंट में निखर रहा है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि नीतू 2020 में होने वाले ओलंपिक में गोल्ड लाएगी। नीतू के ताऊ रणबीर घणघस ने बताया कि उन्हें पूरा विश्वास है कि नीतू आने वाले ओलंपिक में गोल्ड लाकर देश का गौरव बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान ऐसी बेटी सबको दे।