मुंबई पर आतंकी हमले के शहीदों को दी श्रद्धांजलि
भिवानी/बहल। 26/11 को मुंबई आतंकी हमले में हुए शहीदों को श्रद्धांजलि दी और जांबाजों के शौर्य को नमन किया। उधर, बहल में युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला और हाफिज सईद को पाक द्वारा रिहा किए जाने पर निंदा की तथा पाक मुर्दाबाद नारे लगाए।
रविवार को जीवन ज्योति फाउंडेशन की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सभा अध्यक्ष सोमवीर शर्मा ने कहा कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर नहीं देश की आबरू पर हमला किया गया था। एनएसजी ने मुंहतोड़ जवाब दिया था। उस ऑपरेशन से काफी कुछ सीखने को भी मिला।
फाउंडेशन की महासचिव सोनिया रानी और महासचिव दीपक मैनी ने कहा कि जब कभी भी देश के ऊपर संकट आया है, सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। सभा में फाउंडेशन के सदस्य पवन शर्मा, जितेंद्र धारीवाल, नरेंद्र कुमार, पूनम शर्मा, पंकज, नीरज कुमार, पूजा शर्मा, ज्योति शर्मा आदि शामिल हुए। उधर, बहल में रविवार शाम मुंबई में हमले में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि देने के लिए कस्बे के युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला।
नरेश सांखला, हिम्मत जावला, अमर सोलंकी, विकास सैनी, नवीन, विकास, आशीष, पंकज, मोहित गोस्वामी, कृष्ण मास्टर समेत अन्य युवा अलख बाबा मंदिर से कैंडल मार्च निकाला। युवाओं ने कहा कि आतंकी हाफिज सईद की रिहाई से साबित हो गया है कि पाक ही आतंकवाद को पनाह दे रहा है। मुंबई हमले में 166 लोगों के मारे जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घटना की निंदा होने के बाद भी पाक ने जिस तरह से हमले के सूत्रधार हाफिज सईद को रिहा किया है, उससे केन्द्र सरकार को इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरजोर उठाना चाहिए।