भिवानी। प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत के बाद नगर व्यापार मंडल का शाम सात बजे बाजार बंद करने के निर्णय का कुछ बाजारों में व्यापक असर रहा तो कुछ जगह दुकानदारों ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई। घंटाघर मार्केट, बिचला बाजार मार्केट 85 फीसदी तक बंद हुईं तो हांसी गेट, नया बाजार के दुकानदारों ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई। व्यापारी नेता दिनभर बंद को लेकर व्यापारियों, दुकानदारों से संपर्क साधते नजर आए।
उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से फैलने लगा है और शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन 17 नए संक्रमित सामने आए। ऐसे में खतरे को भांपते हुए नगर व्यापार मंडल पदाधिकारियों और शहर की विभिन्न मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त आरएस ढिल्लो और अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल से बैठक कर शाम सात बजे जरूरी वस्तुओं की दुकानें छोड़ बाजार बंद करने का निर्णय लिया था। निर्णय का कुछ दुकानदार विरोध भी कर रहे हैं।
यहां दिखा ज्यादा असर
घंटाघर से सराय चौपटा के बीच करीब 250 दुकानें है और सात बजे तक 60 फीसदी और सवा सात से साढ़े सात बजे के बीच 85 फीसदी तक दुकानें बंद हो गईं। ऐसा ही नजारा बिचला बाजार का रहा और यहां भी अधिकतर दुकानें बंद हो गई। सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, हालु बाजार में भी व्यापक असर दिखा और सात बजे तक अधिकतर दुकानें बंद हो गईं।
यहां कम असर
हांसी गेट मार्केट, सराय चौपटा, नया बाजार के दुकानदार नगर व्यापार मंडल के निर्णय से दूर ही नजर आए। हालांकि नगर व्यापार मंडल से जुड़े इन क्षेत्रों के दुकानदारों, पदाधिकारियों ने अपनी दुकानें बंद की।
दिनभर सोशल मीडिया पर चलीं सूचनाएं
नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न व्यापार संगठनों के प्रतिनिधि दिनभर दुकानदारों, व्यापारियों से संपर्क साध शाम सात बजे बाजार बंद करने का आह्वान करते रहे। सोशल मीडिया पर भी बंद की सूचनाएं खूब चलती रहीं।
प्रशासन से कर रहे सहयोग
सराय चौपटा से घंटाघर के बीच करीब 250 दुकानें हैं, जिनमें से करीब 200 दुकानें निर्धारित समय पर बंद हो गईं। दुकानदारों ने सहयोग किया। हम सबका प्रयास है कि कोरोना वायरस का संक्रमण इस बार ज्यादा न फैले और इसी के मद्देनजर हर तरह से प्रशासन से सहयोग कर रहे हैं। दुकानदारों ने सैनिटाइजर भी अपनी दुकानों में रखें है।
अतुल रोहिल्ला, प्रधान घंटाघर मार्केट एसोसिएशन।
सभी करें सहयोग
घंटाघर मार्केट, नया बाजार, हालु बाजार, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार सहित मुख्य बाजारों में सात बजे तक 80 से 90 फीसदी तक दुकानें सात बजे बंद हो गईं। हमारा प्रयास है कि प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था बनाएं, ताकि पिछली बार जैसा माहौल ना बने। लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाना सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। सभी को इसमें सहयोग करना चाहिए।
भानुप्रकाश, प्रधान, नगर व्यापार मंडल।