दुकानों के सामने हटाया अतिक्रमण, दुकानदारों ने जताया विरोध
भिवानी। सेक्टर 13 समेत शहर के बाजारों में दुकानदारों के पक्के अतिक्रमण पर बुधवार को नगर परिषद का हथौड़ा चला। सेक्टर मार्केट मेें 15-16 दुकानों के बरामदे में अतिक्रमण हटाए। इसके अलावा रोहतक चौक व महम चौक पर भी अतिक्रमण पर भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सेक्टर के दुकानदारों ने परिषद की कार्रवाई पर विरोध जताया है।
बुधवार दोपहर नगर परिषद का अतिक्रमण हटाओ दस्ता बिल्डिंग इंस्पेक्टर, सेनेटरी इंस्पेक्टर की अगुवाई में कार्रवाई के लिए निकला तो शहर में हड़कंप मच गया। दस्ते ने सेक्टर 13 की मार्केट में 15-16 दुकानों के बाहर और बरामदे में बने अतिक्रमण गिराए। हेयर सैलून, गारमेंट, किराना, हलवाई की तीन दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त कर लिया। कार्रवाई देख कई दुकानदार बाहर रखे सामान को समेटते नजर आए। इसके बाद दस्ते ने रोहतक चौक, सब्जी मंडी, महम चौक पर दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाया।
--
सेक्टर के दुकानदारों ने जताया विरोध
नगर परिषद की कार्रवाई पर सेक्टर के दुकानदारों ने सवाल उठाए हैं। श्री गणेश मिष्ठान भंडार के संचालक संदीप ने कहा कि वे 15 साल से दुकान चला रहे हैं। परिषद ने बिना नोटिस कार्रवाई की है। बरामदे में रखा सामान भी ले गए। प्रॉपर्टी डीलर जयवीर दलाल ने बताया कि बरामदे में लावारिस पशु न घुसें और गंदगी न फैलाएं, इसके लिए बांस की जाली लगाई थी। परिषद ने लोगों ने उसे भी नहीं छोड़ा। यदि प्रशासन लावारिस पशुओं को काबू में रखे तो ऐसी जाली लगाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि परिषद को कार्रवाई का अधिकार नहीं है। सरकार ने रखरखाव के लिए परिषद को सेक्टर दिया है। प्रॉपर्टी का मालिक और इमारतों के नक्शा आदि की प्रक्रिया हुडा के पास है तो परिषद कार्रवाई कैसे कर सकती है।
--
घंटाघर से लेकर जैन चौक तक लगेगी यैलो लाइन
भिवानी। शहर के अंदरुनी बाजारों की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए पुलिस व नगर परिषद ने प्रयास आरंभ कर दिए हैं। परिषद चेयरमैन व थाना प्रभारी देर शाम बाजारों का दौरा कर दुकानदारों से बात की। तय हुआ कि घंटाघर से लेकर जैन चौक तक यैलो लाइन लगाई जाएगी।
बुधवार शाम नगर परिषद चेयरमैन रणसिंह यादव, सिटी थाना प्रभारी श्रीभगवान, व्यापार मंडल प्रधान भानू, परिषद उप प्रधान मामन, पार्षद नरेंद्र आदि ने बिचला बाजार का दौरा किया। दुकानदारों से अतिक्रमण के बारे में बात की। थाना प्रभारी व चेयरमैन ने दुकानदारों से कहा कि यातायात किसी भी सूरत में बाधित नहीं होना चाहिए। आखिरकार तय हुआ कि सभी दुकानदारों के लिए हद निर्धारित की जाए। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही घंटाघर से लेकर जैन चौक तक यैलो लाइन लगाई जाएगी। कोई भी दुकानदार यैलो लाइन से बाहर नहीं जाएगा। यैलो लाइन के भीतर वाहनों की पार्किंग होगी। उन्होंने बताया कि सुबह नौ बजे से लेकर शाम छह बजे तक घंटाघर से लेकर जैन चौक तक ऑटो रिक्शा, रेहड़ी व फोरव्हीलर की एंट्री बैन रहेगी। केवल स्कूल वाहन और वॉटर कैंपर वाहन की एंट्री की इजाजत होगी। थाना प्रभारी ने बताया कि ऑटो रिक्शा से पुलिस जल्द ही डैक उतरवाएगी। सभी ऑटो पर साफ-साफ नंबर अंकित हों, इसके लिए अभियान चलाया जाएगा। ऑटो रिक्शा के कागजात की जांच के लिए कैंप लगाया जाएगा।