ट्विटर छोड़ अपने महकमे पर ध्यान दें स्वास्थ्य मंत्री: चौटाला
भिवानी। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को फेसबुक और ट्विटर के बजाय अपने महकमे पर ध्यान देने की नसीहत दी है। चौटाला ने कहा कि फेसबुक-ट्विटर पर बेतुकी लाइनें लिखना छोड़ कर भिवानी के चौधरी बंसीलाल सामान्य अस्पताल में जल्द से जल्द चिकित्सकों की नई नियुक्ति करें।
उन्होंने कहा कि कि डेंगू की भयानक बीमारी से लड़ने में स्वास्थ्य विभाग हाथ खड़े करता नजर आ रहा है। हालात इस कदर खराब है की हर रोज 100 से ज्यादा मरीज प्लेटलेट्स मशीन न होने के कारण प्राइवेट अस्पतालों में महंगा इलाज कराने पर मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों भिवानी के सरकारी अस्पताल को एनएबीएच बनाने का झूठा ढिंढोरा पिटने वाली भाजपा सरकार की पोल डेंगू के बढ़ते मरीजों का सही ढंग से इलाज न होने पर खुल गई है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज जो हर जिले में कैथ लैब बनाने की बात कर रहे थे। अकेले डेंगू की भयानक बीमारी का रिकार्ड स्वास्थ्य मंत्री के अनिल विज के दावों को झूठा साबित करने में काफी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कम से कम 80 से 100 डॉक्टर होने चाहिए, लेकिन मात्र 20 डॉक्टर हैं।