अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
नगर परिषद बरसाती मौसम शुरू होने के बाद करवाई जा रही मुख्य नालों की सफाई दुकानदारों के लिए आफत बन गई है। फिलहाल नया बाजार में पिछले तीन दिन से नालों की सफाई चल रही है। नालों की सफाई कर गंदगी को दुकानों के बाहर ही छोड़ा जा रहा है। इससे दुकानदार परेशान है। गंदगी से उनकी दुकानदारी तो ठप हो रही है। दुर्गंध ने दुकान में बैठना भी दूभर कर दिया है।
इसी सप्ताह नगर परिषद ने शहर के मुख्य नालों की सफाई शुरू की है। पिछले तीन दिन से नया बाजार मार्ग पर नालों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। कर्मचारी नालों की गंदगी निकालकर किनारों पर दुकानों के बाहर ही छोड़ रहे है। भोजावाली माता मंदिर के सामने लगभग सभी दुकानों के बाहर नालों की गंदगी नजर आ रही हैं। दुकानदार रामेश्वर, अजय, राजीव, दीपक आदि ने बताया कि दुकानों के बिल्कुल सामने गंदगी है। इस कारण ग्राहक ही दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे है। इसके अलावा गंद के कारण उठती दुर्गंध से दुकान में भी बैठना मुश्किल हो गया है। ऐसे ही चला तो सभी दुकानदार ही बीमार पड़ जाएंगे। गंद में लावारिस पशु मुंह मारकर दुकानों तक फैला रहे हैं। नप कर्मचारियों से इस बारे में कहा जाता है तो वे बोलते हैं कि सूखने के बाद उठाया जाएगा।
जल्द ही सारी गंदगी हटवा दी जाएगी। कर्मचारियों को निर्देश दिए है कि एक-दो दिन के अंदर ही गंदगी उठा लें, जिससे किसी को परेशानी न हो।
राजेश महता, सचिव
नगर परिषद