भिवानी। 300 गज का प्लॉट दिखाकर 200 गज के प्लॉट की रजिस्ट्री करके साढ़े पांच लाख की धोखाधड़ी करने का एक मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने शिकायत पर दो के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एमसी कॉलोनी वासी महिला शशी शर्मा ने बताया कि बापोड़ा वासी हरि कुमार और बेदप्रकाश ने तोशाम बाईपास रोड पर 300 गज का प्लॉट दिखाया था। जिसमें 5490 रुपये प्रति गज के तहत डील हुई और 16 लाख 47 हजार रुपये में उसे प्लॉट बेचा गया। बेदप्रकाश ने भुगतान का इकरार नामा दिया और कहा कि जब भी किसी के नाम रजिस्ट्री कराना चाहोगे करा दूंगा। 2017 में जब रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो आनाकानी करने लगे। काफी दबाव के बाद रजिस्ट्री की लेकिन जांच में पता चला कि प्लॉट सिर्फ 200 वर्गगज का ही है। 100 वर्गगज प्लॉट के पांच लाख 49 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है। मामले में सिविल लाइन थाना से एएसआई संजय कुमार ने बताया कि हरि कुमार और बेदप्रकाश के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।