भिवानी। प्रदेश सरकार की रोडवेज में मुफ्त सफर की हैप्पी कार्ड योजना का जिले के एक लाख 78 हजार पात्र लोग लाभ उठा रहे हैं। योजना के तहत पात्र परिवारों को रोडवेज बसों में एक साल में एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलती है।
योजना में एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवार शामिल हैं। हैप्पी कार्ड ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की यात्रा को सुगम बनाया है। गांव कोहाड़ निवासी अशोक ने बताया कि पहले बाहर जाने पर किराए की चिंता रहती थी, लेकिन कार्ड मिलने के बाद यात्रा खर्च की चिंता नहीं रहती। इससे परिवार को काफी राहत मिली है।
गांव देवराला निवासी विकास और दुल्हेड़ी निवासी राधेश्याम ने बताया कि पहले यात्रा पर काफी खर्च करना पड़ता था। हैप्पी कार्ड मिलने से इस खर्च में राहत मिली है। उन्होंने योजना को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए उपयोगी बताया। इससे रोजमर्रा की यात्रा में भी सुविधा मिली है।
.78 लाख कार्ड वितरित, बाकी भेजे जा रहे
रोडवेज डिपो महाप्रबंधक दीपक कुंडू ने बताया कि जिले में दो लाख पांच हजार हैप्पी कार्ड बनकर आ चुके हैं। इनमें से एक लाख 78 हजार कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। शेष कार्ड लाभार्थियों के पास भेजे जा रहे हैं और उन्हें कार्ड प्राप्त करने के लिए संदेश भी दिए जा रहे हैं।