मांगों को लेकर किया कॉलेज के बाहर प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। ऑनलाइन कट आफ लिस्ट में गड़बड़ियों, कक्षा 12 वीं के पास दो साल के गैप ईयर और 12वीं कक्ष के रि-अपीयर विद्यार्थियों के दाखिलों की मांग को लेकर छात्रों ने मंगलवार को गवर्नमेंट कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया।
इनसो के बैनर तले छात्र गवर्नमेंट कॉलेज के बाहर एकत्र हुए। इसके बाद अपनी मांग मनवाने के लिए नारे लगाए। इनसो छात्र नेता सेठी धनाना ने कहा कि उच्चतर शिक्षा विभाग और सरकार की लापरवाही का खामियाजा प्रदेश के लाखों छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। कट ऑफ लिस्ट उच्चतर शिक्षा विभाग बार-बार ऑनलाइन डाल रहा है। इसमें अनियमितताएं हैं। तीसरी सूची में 75 फीसदी अंक कट आफ लिस्ट में दिखाए गए, जबकि पहले जारी दूसरी सूची में 73 फीसदी अंक दिखाए गए थे। कॉलेजों में लगभग 350 सीटें खाली हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इन छात्र विरोधी नीतियों को वापस नहीं लेती है तो शीघ्र ही इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सोनू बामला, नवीन घणघस, टोना चहल, रवि बड़ेसरा, अनिल सिंगल, रोहित रेवाड़ी, सचिन ताई, राहुल सांईं पंवार, रजत बामला, अमित मंढाणा, मंजीत मिल, योगेश रिवाड़ी, मनजीत बामला, रजत धामी, नितिज बामला, अमित मंढाणा, रविंद्र जाटू लोहारी, सत्या तालू, अजय तालू, मोहित जताई समेत अनेक छात्र शामिल रहे।