भिवानी। एक दिन की राहत के बाद रविवार को एकदम 17 नए कोरोना संक्रमित सामने आए। इनमें एक बैंक मैनेजर, इसी बैंक के दो कर्मचारी, एक पूर्व बैंक कर्मी, एक चिकित्सक और दो वार्ड सर्वेंट शामिल हैं। सभी मरीज कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए। जिले में अब कोरोना मरीजों का आंकड़ा 496 तक पहुंच गया है। वहीं राहत की खबर है कि 11 कोरोना पॉजिटिव ठीक भी हुए हैं। अब तक 348 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब जिले में 145 एक्टिव केस हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 200 सैंपल जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेजे।
शनिवार को कोरोना का कोई नया मामला जिले में नहीं आया था। वहीं पिछले छह दिन के दौरान करीब 198 कोरोना पॉजिटिव ठीक हो चुके हैं। शनिवार की रात के बाद रविवार सुबह ही कोरोना संक्रमित केस आने लगे। इनमें से सेक्टर-13 न्यू हाउसिंग बोर्ड, एमसी कॉलोनी, बिचला बाजार, जूई खुर्द, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र, ब्रह्मा कॉलोनी, देवनगर, बीटीएम लाइन, डीसी कॉलोनी, आईसीआईसीआई बैंक, कालुवास गांव, नर्सिंग वास गांव से एक-एक, एक्सिस बैंक से दो मामले सामने आए। रविवार को आए 17 केस में से चार कोरोना पॉजिटिव दूसरे जिले के होने की वजह से ट्रांसफर कर दिए गए। इन चार में से दो रोहतक से एक दादरी से और एक हांसी से है। जिले में रविवार को 11 कोरोना पॉजिटिव ठीक हुए हैं, जिनको डिस्चार्ज करते हुए घर भेजा गया।
लापरवाही पड़ रही महंगी, बढ़ रहे मरीज
कोरोना पॉजिटिव की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस दौरान बड़ी लापरवाही सामने आ रही है और कोरोना पॉजिटिव ही एक-दूसरे को बीमारी बांट रहे हैं। रविवार को सामने आए 17 कोरोना पॉजिटिव भी एक-दूसरे के संपर्क में आने से ही पॉजिटिव हुए। अधिकतर लोग अभी भी गंभीर लापरवाही बरत रहे हैं, जिनमें मास्क नहीं लगाना, सामुदायिक दूरी का पालन नहीं करना, बार-बार हाथ नहीं धोना और छींकते या खांसते समय मुंह पर रुमाल नहीं रखना शामिल है।
ये नए कोरोना पॉजिटिव आए सामने
- गेस्ट टीचर मिली पॉजिटिव : सेक्टर-13 से एक 34 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला वैश्य कॉलेज में गेस्ट लेक्चरर के पद पर कार्यरत है।
- सेवानिवृत्त बैंक कर्मी और उनकी पत्नी मिले पॉजिटिव : सेक्टर-13 न्यू हाउसिंग बोर्ड से 63 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। व्यक्ति एसबीआई बैंक रोहतक से रिटायर्ड कर्मचारी है। उनकी 57 वर्षीय पत्नी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। कर्मी रोहतक से भिवानी 30 जून तक प्रतिदिन आता-जाता रहा और रोहतक में पहले से आए कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया है।
- वार्ड सर्वेंट मिली पॉजिटिव : ईएसआई डिस्पेंसरी भिवानी से 55 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव है। महिला ईएसआई में वार्ड सर्वेंट है। वह पहले से आए कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आई है।
- एमसी कॉलोनी की महिला पॉजिटिव : एमसी कॉलोनी से 40 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह महिला ईएसआई की पॉजिटिव वार्ड सर्वेंट के संपर्क में आई है।
- शादी समारोह में गई महिला पॉजिटिव : बिचला बाजार से 62 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला 29 जून को एक शादी समारोह में गई थी। ऐसे में आशंका बनी हुई है कि महिला जिस शादी समारोह में गई थी, वहां अन्य लोग भी पॉजिटिव हो सकते हैं।
- जूई खुर्द का व्यक्ति मिला पॉजिटिव : जूई खुर्द में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह मारुति उद्योग गुरुग्राम में कार्य करता है और 26 जून को अपने घर आया था।
- एक्सिस बैंक का मैनेजर और कर्मचारी मिले पॉजिटिव : एक्सिस बैंक महम गेट से 33 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह एक्सिस बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत है और पहले से आए कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया है। वह मूल रूप से हांसी का रहने वाला है। वहीं बैंक से 40 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, जो कि यहां जॉब करता है और मूलरूप से रोहतक का रहने वाला है। यह भी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया है।
- आईसीआईसीआई बैंक कर्मी भी मिला पॉजिटिव : आईसीआईसी बैंक भिवानी से 28 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वह आईसीआईसी बैंक में कार्य करता है और मूलरूप से रोहतक का रहने वाला है। वह पहले से आए कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया है।
- महिला चिकित्सक मिली पॉजिटिव : पुराना बस स्टैंड के सामने एक निजी नर्सिंग होम से से 62 वर्षीय एक महिला चिकित्सक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह इसी अस्पताल में चिकित्सक के पद पर कार्यरत है। वह 29 जून को शादी समारोह में गई थी।
- ब्रह्मा कॉलोनी में मिला पॉजिटिव : ब्रह्मा कॉलोनी में 23 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह गुरुग्राम में किसी निजी कंपनी में कार्य करता है और वह दो जुलाई को अपने घर आया था।
- ईएसआई का वार्ड सर्वेंट पॉजिटिव : देवनगर से 28 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह ईएसआई भिवानी में वार्ड सर्वेंट के पद पर कार्यरत है। इसकी ड्यूटी डीसी कॉलोनी में स्क्रीनिंग करने में लगी हुई थी।
- बीटीएम लाइन से एक और पॉजिटिव : बीटीएम लाइन से 16 वर्षीय किशोर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अब तक सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव बीटीएम लाइन से ही सामने आए है। लगभग सभी एक-दूसरे के संपर्क में आने पॉजिटिव हुए है।
- डीसी कॉलोनी से महिला पॉजिटिव : डीसी कॉलोनी से 34 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह पहले से आए कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आई है।
- कालुवास में किशोरी मिली पॉजिटिव : गांव कालुवास से 16 वर्षीय किशोरी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जो पहले से आए पॉजिटिव के संपर्क में आई थी। गांव नरसिंगवास जिला दादरी से 45 वर्षीय व्यक्ति ऱ्की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
जिले में कोरोना पॉजिटिव के 496 मरीज हो गए है। जिनमें 348 ठीक हो चुके है और 145 एक्टिव केस है। लोगों को सावधानी रखनी चाहिए। अधिकतर केस लापरवाही के कारण ही बढ़ रहे है। - डॉ. जितेंद्र कादयान, सिविल सर्जन