मिंटू और सोमबीर बामला के बीच बराबरी पर छूटा दंगल
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
गांव द्वारका में हुए दंगल की पहली कुश्ती मिंटू खूडन व सोनू बामला के बीच बराबरी पर छूटी। वीरवार को गांव द्वारका अखाड़े के कोच मास्टर होशियार सिंह ने पहली कुश्ती के पहलवानों के हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ किया। द्वारका के बुधवारी माता मंदिर में आयोजित दंगल में 21 हजार रुपये इनाम की पहली कुश्ती मिंटू खूडन और सोनू बामला के बीच हुई। मिंटू खूडन ने सोनू बामला को शुरू में ही पटखनी दे दी। इस बात पर लोगों ने सही फैसला नहीं होने की बात कही तो कुश्ती दोबारा लड़ी गई, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका।
11 हजार रुपये की दूसरी कुश्ती सोनू पहलवान जोगेंद्र अखाड़ा ने सोमबीर पहलवान जोगीवाला अखाड़ा को हराकर अपने नाम की। 5100 रुपये की तीसरी कुश्ती में शंकर धारेडू ने इंद्र गोठडा को हराकर जीती। प्रथम विजेता पहलवानों को ग्राम पंचायत द्वारका ने, दूसरे विजेता को समाजसेवी बिल्लू सांगवान और सज्जन जाखड़ ने और तीसरे विजेता को मनीराम सेठ द्वारका ने इनाम देकर सम्मानित किया।
दंगल से पहले बुधवारी माता के मंदिर में मेला व भंडारा लगाया गया। विजेता पहलवानों को मंदिर कमेटी ने इनाम देकर सम्मानित किया।
--
प्रियंका नंगला ने दो दो पहलवानों को पटखनी दे जीता दंगल
द्वारका दंगल में 2100 रुपये की कुश्ती में प्रियंका नंगला ने प्रियंका हिसार को, दूसरी कुश्ती 3100 रुपये में ज्योति द्वारका को हराकर दंगल अपने नाम किया और दंगल में वाहवाही बटोरी। पिंकी नंगला ने तन्नू लेघां को हराकर दंगल जीता। प्रियंका नंगला ने हाल में खेलों इंडिया स्कूली गेम में स्वर्ण पदक और चार बार नेशलन स्कूली खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के अलावा दो बार राजस्थान में आयोजित महारानी किशोरी भारत केसरी दंगल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
पूजा अर्चना कर मांगी मन्न्तें : बुधवारी माता के मंदिर में श्यामकलां, द्वारका, लाडावास, पोहकरवास, लालावास गांवों के बड़ी संख्या में लोगों ने पूजा अर्चना की और परिवार की सलामती की दुआ मांगी।