भिवानी। स्वास्थ्य विभाग को पोर्टल के माध्यम से वीरवार को जिले में 16 नए यात्री पहुंचने की सूचना मिलती है। इसके बाद विदेश से लौटने वाले यात्रियों की संख्या 101 हो गई है। इनमें से 23 यात्री अन्य जिलों से संबंध रखते थे, जिन्हें गृह जिलों में भेज दिया गया है। कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। साथ ही समय पर वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने का आह्वान भी कर रहा है। जिले में फिलहाल कोरोना का कोई मरीज नहीं है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है, ताकि जिला कोरोना संक्रमण से पूरी तरह सुरक्षित रहे।
विदेश से पहुंचे 101 यात्रियों में से 60 को होम क्वारंटाइन किया हुआ है, जबकी 23 को अपने गृह जिलों भेज दिया है। वहीं 14 यात्रियों के होम क्वारंटाइन की समय अवधि पूरी हो चुकी है, जिनके दोबारा से कोरोना सैंपल लिए हैं। उनकी कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने 32 यात्रियों के सैंपल दोबारा से जांच के लिए लैब भेजे हैं और इनमें से 18 यात्रियों को हाई रिस्क की कैटेगरी में रखा है। इन यात्रियों की देखभाल के लिए अलग से स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी तय की हुई है।
मास्क का प्रयोग करें
कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। जिले के प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में मास्क प्रयोग के लिए कर्मचारी तैनात किए हुए है, जो लोगों को मास्क लगाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। साथ ही विदेश से लौटे यात्रियों की निगरानी के लिए भी अलग से स्वास्थ्यकर्मी तैनात हैं। प्रत्येक नागरिक को समय पर वैक्सीनेशन को इसके लिए टीम को निर्देश दिए है कि वे अधिक से अधिक टीकाकरण करें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।