अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। अब किसी भी होटल, बैंक्वेट हॉल या धर्मशाला से शादी समारोह या अन्य कार्यक्रमों के दौरान कचरा बाहर सड़क पर फेंका गया तो उस पर 11 हजार रुपये जुर्माना किया जाएगा। यह निर्णय नगर परिषद पदाधिकारियों ने लिया है। इस बारे में डीसी को भी पत्र भेजा गया है और आज सोमवार से यह निर्णय लागू होगा। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए एक बार फिर आधे शहर की सफाई का ठेका दिया गया है। करीब 16 कॉलोनियों में इस ठेके के तहत सफाई करवाई जाएगी।
शहर में गत 30 अगस्त से सफाई व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हुई है। जगह-जगह कचरे के ढ़ेर लगे हैं तो अनेक जगह कचरे में आग लगाई जा रही है। अब शादी का सीजन चल रहा है और शहर में करीब 50 बैंक्वेट हॉल और करीब 30 धर्मशालाएं हैं। अक्सर ये बैंक्वेट हॉल संचालक और धर्मशाला संचालक शादी, पार्टियों का कचरा अपने आसपास खाली जगह में फेंक देते हैं जिससे गंदगी फैलती है। लावारिस पशु इन्हें इधर-उधर फैला देते हैं। इस समस्या को देखते हुए नगर परिषद पदाधिकारियों, अधिकारियों ने फैसला लिया है कि कचरा फैलाने वाले बैंक्वेट हॉल और धर्मशाला संचालकों पर जुर्माना किया जाएगा। नए निर्णय के तहत अगर किसी बैंक्वेट हॉल या धर्मशाला से थोड़ी बहुत गंदगी भी बाहर सडक़ पर आई तो उस पर 11 हजार रुपये जुर्माना किया जाएगा। इस निर्णय का पत्र डीसी कार्यालय में भी भेजा गया है।
16 कॉलोनियों की सफाई का दिया ठेका, डोर-टू डोर होगा कचरा कलेक्शन
नगर परिषद ने आधे शहर की सफाई का फिर से ठेका दिया है। नई व्यवस्था के तहत बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक के सरकुलर रोड के कोर्ट कैंपस की तरफ की करीब 16 कॉलोनियों की सफाई का ठेका दिया गया है। बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक इस ओर की सभी कॉलोनियों की सफाई अब ठेकेदार के कर्मचारी करते नजर आएंगे। ठेकेदार के कारिंदे डोर-टू डोर कचरे का कलेक्शन भी करेंगे। इसके अलावा ठेकेदार को हिदायत दी गई है कि सभी कर्मचारी ड्रेस में हो। डोर टू डोर कलेक्शन के साथ स्वीपिंग करनी होगी।
इन कॉलोनियों की सफाई का दिया ठेका
शहर के विकास नगर, विद्या नगर, कीर्ति नगर, इंद्र कॉलोनी, विजय नगर, आदर्श नगर, पुराना हाउसिंग बोर्ड, पटेल नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी, पार्क कॉलोनी, जगत कॉलोनी, टीआईटी कॉलोनी, जीतूवाला जोहड़ क्षेत्र शामिल हैं।
ठेका रद्द नहीं किया तो होगी हड़ताल
नगर परिषद कर्मचारी यूनियन सफाई के ठेके का विरोध कर रही है। नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य सचिव पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि वे ठेका प्रथा का विरोध करते हैं। चोरी-छिपे सफाई का ठेका दिया गया है। वे सोमवार को इसके विरोध में रोष जताएंगे और ठेका रद्द नहीं किया तो हड़ताल की जाएगी।
वर्जन:::
बैंक्वेट हॉल और धर्मशाला संचालक अक्सर अपना कचरा बाहर फेंक देते हैं जिससे गंदगी फैलती है। अब निर्णय लिया है कि इन्होंने कचरा फैलाया तो 11 हजार रुपये जुर्माना किया जाएगा। इसके अलावा आधे शहर की सफाई का ठेका भी दिया गया है। जल्द ही पूरे शहर को बिल्कुल साफ-सुथरा बनाया जाएगा।
-रण सिंह यादव, चेयरमैन नगर परिषद