11 को बैराण में लगेगा सरकारी विभागों का मेला
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 11 सितंबर सोमवार को खंड बहल के तहत आने वाले गांव बैराण स्थित सरकारी स्कूल परिसर मेें सरकारी विभागों का मेला लगेगा। मेले में विभागों की ओर से अलग स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएंगी। इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. संगीता तेतरवाल ने शुक्रवार को डीआरडीए हॉल में आयोजित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में उनको जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले में समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, बागवानी, पशुपालन, मछली पालन, वन विभाग, डीआरडीए, लीड बैंक, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रेडक्रास सोसायटी, राजस्व सहित विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को योजनाओं के बारे में बताएंगे।
उन्होंने बताया कि मेले में मुख्यत: सीधे जनता से जुड़े विभागों विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाई जाएंगी। स्टॉल पर जानकारी देने के साथ अधिकारियों द्वारा मंच के माध्यम से भी जनता को सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। लोहारू के एसडीएम राजेश कुमार मेले में मुख्य अतिथि होंगे। डॉ. तेतरवाल ने बताया कि मेले में लोगों को बैंकों के माध्यम से प्रदान की जाने वाली योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा राष्ट्रीय शहरी व ग्रामीण आजीविका मिशन के बारे में बताया जाए। इसी प्रकार से दिव्यांगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाए। किसानों को ऋण संबंधी व फसल बीमा योजना के बारे में जानकारी दी जाए। इस मौके पर तोशाम के एसडीएम अजय चोपड़ा, जिला राजस्व अधिकारी राम सिंह बिश्नोई, सिविल सर्जन डॉ. रणदीप पूनिया, जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह, कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. प्रताप सिंह सभ्रवाल, जिला वन अधिकारी कुलदीप सांगवान, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका बजाज, जिला रोजगार अधिकारी मंजू मान, राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता पीके बागड़ी सहित अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
--
खेल स्पर्धा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
युवाओं की कबड्डी-दौड़, 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की दौड़, रस्सकशी, मटका रेस, स्कूली बच्चों में क्विज प्रतियोगिता, ऊंची व लंबी कूद आदि कम समय में होने वाली ऐसी खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएं। मेले मे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मेला सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक चलेगा। बीडीपीओ बहल सुभाषचंद्र शर्मा को मेले का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।