भिवानी। 720 प्राइवेट बसों को परमिट देने की बात छोड़कर रोडवेज कर्मचारी किसी भी विषय पर बातचीत करने आ सकते है। हम सिर्फ बसें किलोमीटर के अनुसार ले रहे है। उनमें कंडक्टर रोडवेज विभाग के होंगे और टिकट भी हम ही देंगे। यह बात मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रेस वार्ता में रोडवेज कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल पर बोलते हुए कही।
छात्र संघ चुनाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमसे पहले 10 साल कांग्रेस थी और पांच साल इनेलो। वे चुनाव कराने की हिम्मत ही नहीं दिखा सके। हमने 22 साल बाद चुनाव कराने की हिम्मत तो दिखाई। हमारे लिए शांति प्राथमिकता है ना की चुनाव। सबको पता है कि 22 साल पहले चुनाव प्रक्रिया पर रोक क्यों लगी थी। फिर भी हमारा प्रयास होगा कि अगली बाद प्रत्यक्ष रूप से भी करवा दिए जाए। यह तो हर साल का मेला हैै। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह भी सूचना मिली है कि अंदर खाते विरोध करने वाले संगठनों के सदस्यों ने भी आवेदन किया है और चुनाव परिणाम के बाद अगर जीते तो सबके सामने भी आएंगे। उन्होंने बताया कि चार साल में 150 कंपनियों ने हरियाणा में निवेश किया और करीब डेढ़ लाख युवाओं को नौकरी मिली। सरकारी की बात करें तो अब तक 28 हजार को नौकरी मिल चुकी है और 18 हजार के फार्म भरे हुए है। इसके अलावा सात हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती की जाएगी।