अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
तीन दिन पहले सड़क हादसे में अपने चार लोगों को गंवाने वाले राजगढ़ गांव में शनिवार सुबह उस वक्त एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब क्रेशर से भरा 14 टायर वाला ट्राला बेकाबू होकर गली में घुस गया। ट्राले ने धर्मशाला का गेट तोड़ दिया और दो मकानों का चबूतरा तोड़ दिया। गनीमत रही कि अल सुबह हुए हादसे के वक्त गली में कोई नहीं था।
शनिवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे यह घटना घटी। मुख्य सड़क से गुजर रहा ट्राला अचानक गली में घुस गया। गली में घुसने के बाद धर्मशाला का गेट दो घरों के चबूतरे व एक बैलगाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा। ट्राला 300 सौ मीटर तक कच्ची सड़क और घरों के चबूतरों को तोड़ा हुआ आगे निकला गया।
गांववासी सत्य बाबा, रत्नपाल, रामकिशन, संजय स्वामी, सरपंच फूल कुमार ने बताया कि रात के अटेला से बड़ी संख्या में ट्रक गुजरते हैं। चालक ने ट्राला गली में घुसा दिया और घरों के चबूतरे तोड़ दिए। क्रशर से भरा होने की वजह से गली में धंस गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। ट्राले की रफ्तार इतनी थी कि गली में सोए कुत्ते अपने को बचा नहीं सके। ट्राले ने चार कुत्तों को रौंद दिया। इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी।
उधर, सदर थाना पुलिस का कहना है कि इस घटना की सूचना आई थी, पुलिस ने मुआयना किया। अभी किसी ने शिकायत नहीं दी है।