भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर गांव लोहानी के समीप पुलिस ने नाकाबंदी कर ट्रक के अंदर 140 भेड़ बकरी ठूंस-ठूंसकर ले जाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने ट्रक के अंदर बरामद पशुओं को मुक्त कराया। वहीं आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ है।
जूई कलां पुलिस थाना की टीम को सूचना मिली थी कि दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर ट्रक के अंदर पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भर राजस्थान ले जाया जा रहा है। लोहानी के पास पुलिस ने नाका बंदी कर ट्रक को चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान राजस्थान नंबर का छह टायर वाला एक ट्रक के चालक ने अपना नाम हबीब बला निवासी लोकईयत की ढाणी शहरी फलौदी जोधपुर राजस्थान बताया।
ट्रक के अंदर दूसरे व्यक्ति की पहचान सिकंदर और तीसरे की पहचान अरसद निवासी मागोलाई पोखरण जैसलमेर के रूप में हुई। ट्रक के अंदर चेकिंग के दौरान निचले केबिन में 18 बकरी के बच्चे, 17 बकरी, 19 भेड़, 28 भेड़ के बच्चे मिले। जबकि ऊपरी केबिन में 18 बकरी के बच्चे, सात बकरी, 17 भेड़ व 16 भेड़ के बच्चे मिले।
पूछताछ में गाड़ी के अंदर पशुओं के लिए चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी, जबकि ट्रक के अंदर दो केबिन यानी हिस्से बनाकर 140 पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। इनके संबंध में चालक के पास कोई कागजात भी नहीं थे। पुलिस ने आरोपियों से सभी भेड़, बकरियों को मुक्त कराकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। वहीं इस संबंध में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।