सरसों की खरीद न होने पर बिफरे किसान, लघु सचिवालय के बाहर दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
सरसों की सरकारी खरीद न होने के कारण अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों ने लघु सचिवालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसी बीच उपायुक्त ने एक प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया और उन्हें सरसों खरीद करने का आश्वासन दिया व इसके लिए मुख्यमंत्री से बातचीत करने की बात कही।
मंगलवार को धरने का नेतृत्व किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष शेर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि किसानों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक कि सरकार उनकी सरसों का एक-एक दाना नहीं खरीद लेती। उन्होंने कहा कि तोशाम मंडी के 19 गांव, जुई के 13, इसी तरह लोहारू के 90 प्रतिशत गांव बचे हुए हैं, बाढड़ा के तीन, दादरी का एक गांव। उन्होंने कहा कि 16 मई को किसान सभा जहां पर सरकारी खरीद नहीं हो रही हैं वहां पर धरना प्रदर्शन करेगी और सरकार को कुंभकर्णी नींद से जगाएगी। आज के धरने में कर्ण सिंह जैनावास, रघुबीर सिंह, जय प्रकाश परमार, इंद्र सिंह कादियान, ओम प्रकाश, सावंत सिंह थिलौड़, रामकिशन भाकर, राजेंद्र बलियाली, कर्मचारी नेता यादविरेंद्र शर्मा, गोपीराम, दयानंद, प्रेम कुमार, सुरेश व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।