विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को किया सम्मानित
भिवानी। राजपूत धर्मशाला में रविवार को आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 270 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा की ओर से आयोजित जिला स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल समय सिंह परमार थे। समारोह की अध्यक्षता भगत फूल सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज खानपुर के डॉयरेक्टर डॉ. पीएस गहलोत ने की।
लोगों को संबोधित करते हुए कर्नल परमार ने कहा कि शिक्षा से ही समाज में फैली कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। कोई भी व्यक्ति किसी विशेष कुल में जन्म लेने से बड़ा नहीं होता, बल्कि अच्छे कर्मों से उसकी महानता का आंकलन किया जाता है। इसलिए हम सभी को मिलकर समाज की भलाई के लिए अच्छे कार्य करने चाहिए। कर्नल ने युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वे उच्च शिक्षा हासिल कर समाज एवं राष्ट्र की भलाई के लिए काम करें। मंच का संचालन अखिल भारतीय क्षेत्रीय महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ओमबीर सिंह तंवर ने किया। उन्होंने युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वे समाज से कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा के साथ साथ नशाखोरी की बीमारी को जड़ से उखाड़ फेंकने में अपना अहम योगदान दें।
हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा के जिला अध्यक्ष कंवरपाल सिंह और भिवानी के उपाध्यक्ष रमेश सिंह तंवर देवसरिया ने अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्नल समय सिंह परमार व डॉ. पीएस गहलोत, कर्नल गजराज सिंह, जिला अध्यक्ष कंवरपाल सिंह, उपाध्यक्ष रमेश तंवर देवसरिया ने हरियाणा राजपूत सभा की वार्षिक पत्रिका संदेशवाहिनी 2017 का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। राजपूत प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारियों ने अतिथियों को भी सम्मानित किया। हरियाणा राज्य सहकारी बैंक के महाप्रबंधक बनने पर नरेश तंवर को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आरपी सिंह, कर्नल गजराज सिंह, परमार खाप 84 के प्रदेश महासचिव वेदपाल सिंह परमार, पूर्व विधायक शशिरंजन परमार, ठाकुर लालसिंह, सुरेन्द्र परमार ईटीओ, भरत सिंह परमार टीएम, अजीत सिंह तंवर उपाध्यक्ष, ओमबीर तंवर, कर्नल बघड़ावत सिंह, कर्नल रणबीर, मामन सिंह परमार, एडवोकेट सत्येन्द्र सिंह, मास्टर सूरत सिंह, बैंक महाप्रबंधक नरेश तंवर सहित राजपूत समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।