भिवानी। नगर परिषद की टीम ने विशेष अभियान चलाकर मंगलवार की सुबह देवसर चुंगी से दिनोद गेट तक स्ट्रीट लाइटों पर लगी केबल के वायर और इंटरनेट वायर को काट दिया। सुबह लोग उठे तो कटी केबल सड़क पर गिरी मिली। नप की इस कार्रवाई से करीब 15 हजार टीवी बंद हो गए तो एक सौ से अधिक इंटरनेट कनेक्शन भी बंद हो गई। केबल संचालक का कहना है कि बिना किसी नोटिस के एक सेनेटरी इंस्पेक्टर ने आपसी रंजिश के चलते केबल काटी है। वहीं नप अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति के गैर कानूनी तरीके से स्ट्रीट लाइट पोल पर केबल के वायर लगाई गई थी। जिसे हटाया गया है।
नगर परिषद और केबल संचालकों के बीच फंसे केबल उपभोक्ताओं को मंगलवार को परेशानी झेलनी पड़ी। दिनभर केबल कनेक्शन बंद रहे। विभिन्न कॉलोनियों में ही नहीं बल्कि लघु सचिवालय में भी चुनाव से संबंधित गठित टीमें न्यूज व अपडेट सूचनाओं के लिए परेशान रहे।
देवसर चुंगी के पास एक केबल कंपनी संचालक का कार्यालय और कंट्रोल रूम है। जहां से करीब आधे शहर में केबल से सप्लाई होती है। मंगलवार सुबह-सवेरे नगर परिषद की टीम ने अभियान चलाकर स्ट्रीट लाइटों पर बंधी सारी केबल काटकर सड़क पर फेंक दी। सुबह लोग उठे तो कटी केबल सड़क पर पड़ी थी। यह केबल की मुख्य लाइन थी। मुख्य लाइन के कटने से शहर के करीब 15 हजार टीवी बंद हो गए।
100 इंटरनेट उपभोक्ता भी परेशान
नप कर्मचारियों ने पोल पर लगी इंटरनेट केबल को भी काट दिया। जिससे इस क्षेत्र के करीब सौ उपभोक्ता भी इंटरनेट सेवाओं के लिए परेशान रहे। अधिकतर के इंटरनेट कनेक्शन दुकानों और मोबाइल शोरूम, बैंक के थे।
पांच लाख का नुकसान कर दिया, अधिकारी कह रहे है उन्हें पता ही नहीं
केबल ऑपरेटर संगठन के निदेशक प्रदीप चौहान ने बताया कि चार बी के तहत उन्हें अधिकार है कि वे इस तरह केबल तार बिछा सकते हैं। नगर परिषद के एक सेनेटरी इंस्पेक्टर ने सिर्फ रंजिशन केबल काटी है। उन्हें करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। 15 हजार कनेक्शन बंद हो गए हैं। वहीं इस बारे में उन्होंने नप अधिकारियों और प्रधान से बात की तो सभी कह रहे हैं कि उन्हें इस बारे में नहीं पता। न उनसे पूछा गया और न ही किसी तरह का नोटिस दिया गया। अब केबल ठीक की जा रही है।
बिना अनुमति के गैर कानूनी तरीके से स्ट्रीट लाइट पोल पर केबल वायर लगाई थी। अब बिना अनुमति के लगाई थी तो नोटिस किस बात का। गैर कानूनी तरीके से लगाई गई थी, जिसे हटा दिया गया।
राजेश महता, सचिव, नगर परिषद