भिवानी। मंगलवार को 50 हजार क्विंटल गेहूं पहुंचने से व्यवस्था चरमरा गई। खरीद कार्य में जुटे आढ़तियों के प्रबंध भी किसानों की ज्यादा गेहूं आवक को देखकर जवाब दे गए वहीं दूसरे दिन भी किसानों का गेहूं सडक़ पर आ गया। हालांकि खरीद एजेंसी के अधिकारियों ने गेहूं की बंपर आवक की संभावनाओं के चलते रात को ही अधिकांश गेहूं का उठान करा दिया था, लेकिन इसके बावजूद भी मंडी में पहुंचे किसानों को अपनी फसल उतारने के लिए जगह नहीं मिली। सोमवार को भी करीबन पचास हजार क्विंटल गेहू की आवक हुई थी, जबकि एक लाख कटटे मंगलवार को भी आए। चिलचिलाती गर्मी में किसानों को मंडी में पहुंचने के बाद फसल को सुरक्षित ढंग से उतारने के लिए जगह तक नसीब नहीं हुई। मंडी की शेड के नीचे अधिकांश आढतियों की सरसों पड़ी है, जबकि लाखों क्विंटल गेहूं मंडी में खुले आसमान के नीचे ही पड़ा है। मंडी में इस समय करीबन डेढ़ से दो लाख गेहूं के कटटे हैं, जिसमें से अधिकांश गेहूं की सरकारी खरीद भी हो चुकी है। लेकिन अब इस गेहूं को भराई और तुलाई के बाद ही सिलाई कर गोदामों में भेजा जाएगा।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी, दो दिन फिर बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग ने पूर्व चेतावनी जारी करते हुए किसानों को आगाह किया है कि आने वाले दो दिन मौसम के फिर बिगडने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनी के अनुसार दो दिन तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलेगी और 30 अप्रैल तक मौसम खुश्क बने रहने की संभावना हैं। इस दौरान किसान अपनी फसलों की कटाई और कढ़ाई मौसम को ध्यान में रखते हुए करें। अगर मौसम फिर बिगड़ता है तो मंडी में पहुंचा हजारों क्विवंटल गेहूं के प्रभावित होने की संभावनाएं भी बढ़ जाएंगी।
मंडी में मंगलवार को करीबन एक लाख गेहूं के कटटों की आवक हुई है। किसानों की सुविधा के लिए पहले ही मंडी में पहले खरीद किए गए गेहूं का उठान कराया गया है। इस सप्ताह गेहूं की ज्यादा आवक रहेगी। इस बार 9 लाख कटटे गेहूं के आने की संभावना है, जबकि पिछले साल 8 लाख 42 हजार कटटे गेहूं की आवक हुई थी।
-बजरंगलाल, प्रधान ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन भिवानी।
मंगलवार को भिवानी मंडी में 12 हजार 975 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। गेहूं की खरीद के साथ साथ मंडी से गेहूं के उठान पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है, ताकि आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। इसके अलावा किसान मौसम को ध्यान में रखकर ही अपनी फसल लेकर मंडी पहुंचे।
-मुकेश कुमार निरीक्षक, इंचार्ज सरकारी खरीद एजेंसी।