लोहारू। शहर की सात नंबर चुंगी निवासी और मॉडल संस्कृति स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला 12 वर्षीय छात्र मेघनाद पिछले 18 दिनों से लापता है। इतने दिनों बाद भी उसका कोई सुराग न लग पाने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। लोहारू थाना पुलिस ने मेघनाद की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।
लापता मेघनाद की दादी, पिता देवाराम और बुआ रेखा टंडन बेहद चिंतित हैं। परिजनों ने बताया कि उन्होंने आसपास के इलाकों में हरसंभव प्रयास कर उसकी तलाश की है लेकिन अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। घर में सभी लोग दिन-रात मेघनाद की सलामती की दुआ कर रहे हैं। परिजनों ने सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे मेघनाद की तलाश में सहयोग करें ताकि उनका लाडला सकुशल घर लौट सके। पुलिस भी हर पहलू से जांच कर रही है और बच्चा जल्द मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।