भिवानी। सेठ किरोड़ीमल राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिलास्तरीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में भिवानी जिले के सभी 7 खंडों से करीब 100 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एबीआरसी प्रवीण व भारत यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सभी खंडों के सरकारी व निजी स्कूलों से कक्षा 6 से 8 और 9 से 10वीं तक के लड़के व लड़कियों ने कक्षा वर्ग के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लिया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि महंत राजनाथ महाराज ने शिरकत की।
प्रतियोगिता के कन्वीनर सुनील शर्मा रहे। वहीं मोतीलाल जांगड़ा, सुरेंद्र सिंह डीपीई, सुनीता, सरिता, सुखदेव, रणबीर सिंह, विद्या देवी, सतेंद्र ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। इसके अलावा संजीव कुमार, प्रवीण, आशीष कुमार ने मैनेजमेंट व रजिस्ट्रेशन का कार्य संभाला। मुख्य अतिथि महंत राजनाथ महाराज ने कहा कि योग विद्यार्थियों को शारीरिक स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक तौर पर भी मजबूत बनाता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
डाइट इंचार्ज मोनिका कौशिक ने कहा कि योग हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है और शारीरिक स्वस्थ्य, मानसिक सतर्कता एवं भावनात्मक संतुलन के लिए योग जरूरी है। योग से प्रारंभ से ही अच्छी आदतें, बेहतर स्वास्थ्य, अनुशासन और नैतिकता के बीज विद्यार्थियों में रोपित किए जा सकते हैं। ऐसे में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं अन्य बच्चों को भी योग के प्रति आकर्षित करती है। इस मौके पर विभिन्न स्कूलों के डीपीई, पीटीआई, अभिभावक व विद्यार्थी मौजूद रहे।
-
ये रहा परिणाम
जिलास्तरीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 10 के लड़कों के वर्ग में कार्तिक, गौरव, दीपांशु, रामभगत क्रमश: पहले, दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर रहे। वहीं लड़कियों के वर्ग में योगिता, इशिका, जाह्नवी व प्रिया क्रमश: पहले, दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर रहे। वहीं 6 से 8 कक्षा वर्ग की लड़कियों की प्रतियोगिता में ममता, मानसी, समृद्धि, त्रिश कोठारी क्रमश: पहले, दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर रहे। वहीं लड़कों के वर्ग में शंकर, आरूष, धुर्व, प्रवीण, कश्यप क्रमश: पहले, दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर रहे।