भिवानी। कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को 10 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए। चिंताजनक बात है कि प्राइमरी स्कूल के दो बच्चे, कॉलेज छात्र, दुकानदार, ऑटो रिक्शा चालक पॉजिटिव मिले हैं। जिले में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा अब 41 तक पहुंच गया है। तीन कोरोना पॉजिटिव ठीक भी हुए।
जिले में अब कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 6432 तक पहुंच गया है। इनमें से 6246 ठीक हो चुके हैं। बुधवार को भी 666 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए। लगातार बढ़ रहे मरीजों की संख्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने बैठक कर मंथन भी किया और तैयारियों की समीक्षा की। वहीं आमजन को भी गंभीर होते कोरोना वायरस से बचाव के लिए कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
बुधवार को 10 नए केस सामने आए। जिनमें महम गेट क्षेत्र से 65 वर्षीय गृहिणी है, जो 23 मार्च को गुरुग्राम के निजी अस्पताल में इलाज के लिए गई थी और 26 मार्च को वापस लौटी। वहीं विकास नगर से 53 वर्षीयत व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है, जो ऑनलाइन कार्य कर रहा है और पिछले करीब सालभर से घर पर ही रहकर कार्य कर रहा है। यहीं से 19 वर्षीय युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जो ऑनलाइन पढ़ाई करती है। जाटू लुहारी वासी 22 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है, जो कि गवर्नमेंट कॉलेज में बी.कॉम अंतिम वर्ष का छात्र है। विकास नगर से ही 24 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है, जो ऑनलाइन बिजनेस करता है। लोहानी गांव से 35 वर्षीय ऑटो रिक्शा चालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लोहानी में ही नौ वर्षीय बच्चे की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जो कि गांव के ही निजी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता है। कलिंगा गांव में 10 वर्षीय बच्ची पॉजिटिव मिली है। वह गांव के ही प्राइमरी स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। शहर की पार्क कॉलोनी में एक 62 वर्षीय दुकानदार और उसकी 60 वर्षीय पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। सभी को होम आइसोलेट किया गया है। अब जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 41 तक पहुंच गया है।
अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर की बैठक
लगातार सामने आ रहे कोरोना पॉजिटिव, केंद्र सरकार की ओर से स्थित गंभीर होने की बात कहने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं पर मंथन किया। बैठक में जल्द से जल्द कोरोना पॉजिटिव की पहचान कर इलाज करने, टेस्ट की संख्या बढ़ाने, क्वारंटीन सेंटर, आइसोलेशन सेंटर बनाने आदि बातों पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही लोगों को भी जागरूकता का संदेश देते हुए कोविड-19 सुरक्षा नियमों के पालन का आह्वान किया गया।
वर्जन:::
कोरोना केस लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग सावधानी रखें और कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए मास्क लगाए और सामुदायिक दूरी का ख्याल रखें। साबुन से बार-बार हाथ धोते रहे।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन