नारनौंद के बास क्षेत्र के दर्जनों गांवों से लगने वाली सुंदर ब्रांच नहर में पानी नहीं आने से परेशान किसानों सड़कों पर उतर आए हैं। गुस्साए किसानों ने बुधवार को बास में चंडीगढ़-भिवानी रोड जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही बास थाना प्रभारी पवित्र कुमार मौके पर पहुंचे लेकिन किसान सिंचाई विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने पर अड़े हुए हैं। फिलहाल आधा घंटे से रोड जाम है।
धरना दे रहे किसानों ने बताया कि बास अकबरपुर, बास बादशाहपुर, बास खुर्द, बास आजमशाहपुर, रोशन खेड़ा, सोरखी, सीसर, खरबला, सिंघवा खास, मदनहेड़ी, मोहला व पुट्ठी सहित अन्य गांव में सुंदर ब्रांच नहर का पानी लगता है। बास क्षेत्र में इस बार बारिश भी बहुत कम हुई है। क्षेत्र की हजारों एकड़ फसल नहर में पानी न होने की वजह से सूखने की कगार पर है। इसके कारण किसानों की दशा अति दयनीय हो रही है। पिछले 10 वर्षों से किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसकी वजह से किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। पिछले छह महीने में हर महीने केवल तीन से चार दिन ही पानी छोड़ा जा रहा है। इस कारण इस क्षेत्र में हजारों एकड़ फसल सूख रही है।
क्षेत्र के लगभग सभी गांवों के किसान सूखे की मार झेल रहे हैं। इसके चलते बास क्षेत्र के किसान ने बुधवार को बास पुट्ठी रोड़ के सामने चंडीगढ़ भिवानी रोड पर जाम लगा दिया है। जाम की सूचना मिलते ही बस थाना प्रभारी पवित्र कुमार मौके पर पहुंचे लेकिन किसानों ने सिंचाई विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने पर अड़े हुए हैं। बस थाना प्रभारी किसानों को मनाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
धरना दे रहे किसानों में किसान तेलु राम, पृथ्वी सिंह, महासिंह, चंद्रमोहन, देवा सिंह, अमित, कुलदीप, दलजीत, श्रीभगवान, फतेह सिंह, मोनू, राजेंद्र, बलवान, राजेश, रामदिया, सूरजभान, फूल कुमार, जगबीर, भलेराम, नन्हा, नीरज व नरेंद्र सहित अन्य किसान शामिल हैं।