बरवाला के नजदीक टांगरी नदी के किनारे मिले युवक के शव का मामला सुलझ गया है। पांच लाख रुपये के लेनदेन में एक होटल संचालक ने यह हत्या की थी। बताया जाता है कि यह होटल संचालक सट्टा खाईवाली का काम करता है और युवक ने उसके पांच लाख रुपये देने थे। इस मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
उल्लेखनीय है कि 5 अगस्त को नेशनल हाइवे नंबर 73 (पंचकूला-साहा राजमार्ग) पर बरवाला के निकट टांगरी नदी के पुल के पास एक युवक का शव मिला था। पुलिस द्वारा जांच करने पर यह शव पंचकूला वासी मुकुल का निकला। मामले की जांच का जिम्मा सीआईए ग्रामीण को सौंपा गया था। इसके बाद जुटाई गई जानकारी के आधार पर सीआईए ने पंचकूला के सेक्टर-3 में होटल चलाने वाले सिरसा निवासी को काबू किया है।
आरोपी की पहचान गुरचरण सिंह के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए इस शख्स ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया कि वह सट्टा खाईवाल का भी काम करता है और मुकुल ने उसके पांच लाख रुपए देने थे।
इसी पैसे को लेकर पांच अगस्त की रात उन दोनों में विवाद हो गया और उसने अपने एक साथी रिंकू उर्फ दविंद्र निवासी सुलतानपुरी दिल्ली के साथ मिलकर मुकुल का तेजधार हथियार से कत्ल कर दिया। लाश को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से टांगरी नदी के नजदीक फेंक दिया।
सीआईए प्रभारी कुलदीप के मुताबिक हत्या आरोपी गुरचरण को अदालत से तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान उसके साथी की तलाश के साथ-साथ हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद किया जाना है।