संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित रेजेंटा पैलेस के निकट तेजरफ्तार बाइक की चपेट में आकर काकरु गांव निवासी मनप्रीत सिंह (22) की मौत हो गई। हादसे के समय मनप्रीत अपने भाई के गुरविंद्र के संग काम से छुट्टी होने के बाद पैदल ही काकरु गांव जा रहे थे कि बाइक ने टक्कर मार दी।
हादसे में मनप्रीत की पसलियों व सिर में काफी चोट आई थी। राहगीरों की मदद से अंबाला सिटी के ट्रामा सेंटर में लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मृत घोषित कर दिया। बलदेव नगर थाना पुलिस ने मृतक के भाई गुरविंद्र की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गुरविंद्र सिंह ने बताया कि पिता का छह साल पहले ही देहांत हो चुका है। वह दो भाई व एक बहन है। बड़ा भाई मनप्रीत मोटर मार्केट की दुकान में काम करता था।